संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम और पुस्तकालय का रुका पड़ा काम जल्द शुरू होगा। फंड के अभाव में करीब एक साल से काम लटका था। पैसे का भुगतान न होने पर ठेकेदार ने काम बंद कर दिया था। इससे कलाकार और साहित्यकार निराश थे।
शहर के नगरी बस अड्डा के पास 4.17 करोड़ रुपये की राशि से इसका निर्माण हो रहा है। अब फंड जारी होने से जल्द काम पूरा होने की उम्मीद जगी है।
करीब 20 साल तक सीआरपीएफ का मुख्यालय रही नगरी बस अड्डा से सटी इस इमारत को स्थानीय रंगमंच व अन्य कला और साहित्य संस्थाओं की गुहार के बाद 2017 में खाली करवा लिया गया था लेकिन तब यह इमारत काफी जर्जर हो चुकी थी। इसमें इक्का-दुक्का मुशायरे जैसे कार्यक्रमों से अधिक नहीं हो पाए और इमारत खंडहर होत गई। वर्ष 2023 में यहां नई इमारत के निर्माण की पहल हुई। इससे कला, साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गतिविधियों के शुरू होने की उम्मीद बढ़ी।
कलाकारों को उम्मीद थी कि कला संस्कृति की इस इमारत में इस बार कला प्रेमियों के लिए जहां रंगमंच तैयार होगा वहीं पुस्तकालय में साहित्य को भी संजोया जाएगा। 150 दर्शकों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम से कला में रुचि रखने वालों को एक बेहतर मंच मिल पाएगा। इसकी कठुआ में अब तक कमी महसूस की जाती रही है।