महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे।
- फोटो : एक्स/एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वे शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी शिकायतों पर कार्रवाई न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय किया गया, तो संबंधित अधिकारियों को सीधे उनसे सामना करना पड़ेगा।
शिंदे का यह बयान उस समय चर्चा में आया है, जब सिंधुदुर्ग पुलिस ने उनकी पार्टी के विधायक निलेश राणे के खिलाफ घुसपैठ का मामला दर्ज किया है। राणे ने हाल ही में एक बीजेपी समर्थक के घर पर ‘छापा’ डालकर दावा किया था कि वहां मतदाताओं को बांटने के लिए नकदी भरी थैलियां मिली हैं। इसके बाद राजनीतिक माहौल और गरमाता दिख रहा है।
ये भी पढ़ें:- चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: BLO का मानदेय हुआ दोगुना; पर्यवेक्षकों का बढ़ाया भत्ता, ERO- AERO को भी मिलेंगे पैसे
फलटण (सातारा) में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा मैं अधिकारियों से कहना चाहता हूं कि कोई भी अवैध काम न करें। झूठी शिकायतों पर ध्यान न दें। यदि कोई आप पर दबाव डालता है, तो उसके आगे झुकें नहीं। अगर किसी ने हमारे शिवसेना कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय किया, तो उसे एकनाथ शिंदे से निपटना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि वे सभी की गतिविधियों पर नजर रखते हैं, मैं जानता हूं कौन क्या करता है। मैं चुप हूं, और मुझे चुप ही रहने दें। मैं किसी को परेशान नहीं करता, पर अगर कोई मुझे उकसाता है, तो मैं उसे नहीं छोड़ता। महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों शिवसेना (शिंदे गुट) और बीजेपी के बीच स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर तनाव दिख रहा है। खासकर ठाणे जिले में जो शिंदे का गढ़ माना जाता है, जहां कुछ शिवसेना कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इससे दोनों सहयोगी दलों में असहजता और बढ़ गई है।
अन्य वीडियो:-