चंबा। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ चंबा के पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा अधिसूचित प्रधानाचार्य के अधीन संगम पाठशाला प्रणाली का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची जल्द जारी की जाए। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 900 विद्यालय बिना प्रधानाचार्य के संचालित हो रहे हैं। दो वर्षों में पदोन्नति सूची जारी न होने के कारण कई प्रवक्ता और मुख्याध्यापक बिना पदोन्नति के सेवानिवृत हो चुके हैं। संघ का तर्क है कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत सैकड़ों प्रवक्ताओं को अध्यापन कार्य के साथ विद्यालय के प्रशासनिक कार्य भी करने पड़ते हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर विपरीत असर पड़ रहा है। कार्यकारी राज्य अध्यक्ष दीप सिंह खन्ना, राज्य मुख्य विधिक सलाहकार राजेश शर्मा, राज्य के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शौकत अली और सूरज वाली, राज्य के संगठन सचिव राज दीन, जिला महासचिव राजेश ठाकुर ने सरकार से पदोन्नत सूची जल्द जारी करने की मांग की है।