संस्कृति ज्ञान परीक्षा में स्कूल के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डंगार के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में अभूतपूर्व सफलता हासिल कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की मेधावी छात्रा कुमारी उमा ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं जिला स्तर पर रोहित कुमार ने प्रथम स्थान तथा अंजलि ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त तहसील स्तर पर अक्षित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य यशपाल रणौत ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें तथा परीक्षा प्रभारी किशोरी शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं और विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को भी प्रदर्शित करती हैं।