पीएम श्री स्कूल चौटाला व मॉडल संस्कृति स्कूल सिरसा का निरीक्षण, शिक्षण गुणवत्ता और डिजिटल संसाधनों की परखी व्यवस्था
फोटो 24
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह श्योराण ने सोमवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चौटाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, अभिलेखों और डिजिटल संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया। स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरणों को स्वयं संचालित कर उनकी कार्यक्षमता भी जांची।
निरीक्षण के बाद संयुक्त निदेशक ने डबवाली खंड के क्लस्टर रिसोर्स कोऑर्डिनेटरों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी केवल संसाधनों के प्रबंधन तक सीमित नहीं है बल्कि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करता है। यदि किसी शिक्षक के प्रयास से एक विद्यार्थी का जीवन संवर जाए, तो यही उसके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम मानें।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने संयुक्त निदेशक के निरीक्षण के दौरान दिए गए सुझावों और निर्देशों को जिले के विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार तथा जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) इंद्रसैन भी मौजूद रहे।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा का किया निरीक्षण
इसके बाद संयुक्त निदेशक ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छता व्यवस्था और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर विद्यालय प्रशासन को डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।