पुलिस ने दर्ज किया था गैरइरादतन हत्या का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नशे के कारण युवक की हुई मौत के मामले में आरोपी अमरदीप सिंह को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने जमानत पर रिहा कर दिया है। आरोपी अमरदीप सिंह गांव सिंहपुरा जिला सिरसा का रहने वाला है। कालांवाली थाना पुलिस ने आरोपी पर 9 अक्तूबर 2025 को गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया था।
मामले के अनुसार, गांव सिंहपुरा में 8 अक्तूबर 2025 को ड्रग्स का इंजेक्शन लगाने से अमृतपाल सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस को दिए बयान में उसके भाई जगपाल सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई अमृतपाल नशे का आदी था। 8 अक्तूबर को उसका भाई किसी काम से बाहर गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो उसने आसपास के इलाके में उसकी बहुत तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
रात को रमन प्रीत सिंह निवासी सिंहपुरा ने उसे बताया कि अमृतपाल सिंह धर्मपुरा रोड पर महल के पास सड़क किनारे बेहोश पड़ा है। इसके बाद वह वहां पहुंचा और अमृतपाल को कालांवाली के सरकारी अस्पताल ले गया। डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जगपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके भाई की मौत ड्रग्स का इंजेक्शन लगाने से हुई है, उसका भाई ड्रग्स की गोलियों को पीसकर सिरिंज से इंजेक्शन लगाता था। उसका भाई ड्रग्स की गोलियां अमरदीप सिंह से लेता था,उसके भाई की मौत अमरदीप द्वारा सप्लाई की गई ड्रग्स के कारण हुई है।
पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी अमरदीप सिंह के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश नितिन किनरा ने आरोपी अमरदीप सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया।