संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मौसम में लगातार बदलाव और तापमान में गिरावट का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल में इन दिनों टाइफाइड सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है।
जनरल ओपीडी में प्रतिदिन करीब 200 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से लगभग 40 मरीज टाइफाइड के लक्षणों से ग्रसित पाए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले तक यह संख्या 120-130 के आसपास थी। इसके अलावा बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल संक्रमण के मामलों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। डॉक्टरों का मानना है कि दिन और रात के तापमान में अंतर, दूषित पानी और खानपान में लापरवाही के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल के डॉ. अमरिंद्र ने बताया कि मौसम बदलने के दौरान लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि टाइफाइड मुख्य रूप से दूषित पानी और संक्रमित भोजन के कारण फैलता है, इसलिए इस मौसम में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने बताया कि लगातार तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, पेट दर्द, भूख न लगना और कभी-कभी उल्टी या दस्त टाइफाइड के लक्षण हैं।