संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा की ओर से स्नातक (यूजी) की अंतिम द्वितीय मेधा सूची जारी होने के बाद आरकेएसडी महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। महाविद्यालय में अब तक विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में 876 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। विभाग के निर्देशानुसार द्वितीय मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थी 7 अगस्त शाम पांच बजे तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द कॉलेज पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अब तक बीए (एडेड) में 262, बीए (एसएफएस) में 38, बीए (सांध्य) में 81, बीकॉम (एडेड) में 116, बीकॉम (एसएफएस) में 41, बीकॉम (सांध्य) में 70, बीसीए में 54, बीएससी लाइफ साइंस में 53 और बीएससी फिजिकल साइंस में 91 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
महाविद्यालय के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने द्वितीय मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए महाविद्यालय में विशेष सहायता डेस्क स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही अभिभावकों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।