28जेएनडी06: राजकीय महाविद्यालय में मौजूद छात्र और मनोविज्ञान विभाग टीम। संवाद
जींद। राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को नेशनल टास्क फोर्स के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और काउंसिलिंग सत्र का आयोजन हुआ। अध्यक्षता प्राचार्य सत्यवान मलिक ने की जबकि मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्षा एवं एनटीएफ नोडल अधिकारी डॉ. प्रेम पूनम ने कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई। मुख्य वक्ता डॉ. अश्वनी और डॉ. परवीन उपस्थित रहीं।
अश्वनी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह महत्वपूर्ण है। उन्होंने मस्तिष्क के रसायनों, जैसे डोपामाइन के महत्व को समझाते हुए बताया कि ये मूड और खुशी को कैसे प्रभावित करते हैं। उन्होंने तनाव और अवसाद से बचने के लिए नियमित दिनचर्या, व्यायाम, पर्याप्त नींद और सकारात्मक संवाद को अपनाने की सलाह दी।
प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान दौर की चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाओं का मानसिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। सत्र के दौरान लगभग 50 विद्यार्थियों ने अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक समस्याओं को साझा किया। विशेषज्ञों ने बेहद संवेदनशीलता के साथ विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया और उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. प्रेम पूनम ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के मानसिक कल्याण के लिए ऐसे प्रयास जारी रखेगा। इस अवसर पर एनटीएफ समिति के सदस्य एनसीसी अधिकारी डॉ. ज्योति लडवाल, लेफ्टिनेंट पंकज बत्रा, एनएसएस अधिकारी डॉ. भगवान दास, रितु, डॉ. मंजीत (मनोविज्ञान विभाग) और मंजीत मौजूद रहे।