तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटीआई सिकंदराराऊ में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) लैब स्थापित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। इसके लिए संस्थान की ओर से विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही लैब निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस एआई लैब में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। यहां विभिन्न ट्रेडों से जुड़े विद्यार्थियों को एआई, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस और ऑटोमेशन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल तकनीकी शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
आईटीआई सिकंदराराऊ के प्रधानाचार्य रोहिताश का कहना है कि शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। एआई भविष्य की तकनीक है और आने वाले समय में उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और सेवा क्षेत्रों में इसकी व्यापक उपयोगिता होगी। ऐसे में युवाओं को इसके लिए अभी से तैयार करना बेहद आवश्यक है। लैब निर्माण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल अनुभव देना है, ताकि वे उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षित हो सकें।
इन खूबियों से लैस होगी एआई लैब
लैब में अत्याधुनिक कंप्यूटर, हाईस्पीड इंटरनेट, विशेष सॉफ्टवेयर और ऑटोमेशन टूल्स उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को भी नियुक्त करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का मौका मिल सके।