- टैंक फुल कराने से तेल जल्दी हो रहा खत्म, टैंकर आने पर आपूर्ति हो रही सुचारू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हाेने से आपूर्ति बिगड़ रही है। अगले दिन तेल कंपनी का टैंकर आने पर आपूर्ति दोबारा सुचारू हो रही है। पहले से ही कटौती होने के कारण तेल की सप्लाई कम हो रही है। ऊपर से टैंक फुल कराने के मामले और बढ़ गए हैं। जिस वजह से ऐसे हालात बन रहे हैं।
पश्चिम एशिया संकट के चलते तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप पर की जाने वाली सप्लाई में कटौती कर दी है। शहर के एक पंप पर जहां औसतन 7000 लीटर पेट्रोल की सप्लाई होती थी, कटौती के बाद अब छह से साढ़े छह हजार लीटर आपूर्ति हो रही है। बगैर सूचना दिए कटौती करने की वजह से पंप संचालकों में नाराजगी भी है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद वाहन चालक टैंक फुल कराने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसमें लगभग 20 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। अचानक से ईंधन की खपत भी बढ़ गई है। कुछ पेट्रोल पंप पर तो तेल भी खत्म हो गया। इस वजह से कुछ देर तक उन्हें काम रोकना पड़ा। बाद में तेल कंपनी का टैंकर आने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। हालांकि इस बीच ईंधन की जमाखोरी से भी आपूर्ति लड़खड़ाई है। ग्रामीण क्षेत्रों के पंप पर ड्रम में ही ईंधन दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव धर्मवीर चौधरी ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा खपत होने की वजह से तेल खत्म हो रहा है। कुछ पंप पर ऐसी स्थिति बनी कि उन्हें लोगों को लौटाना पड़ा। बाद में तेल कंपनी का टैंकर बुलाया गया।
जमाखोरी से बिगड़ रही स्थिति
ईंधन के दाम दोबारा बढ़ने के डर से लोगों ने पेट्रोल और डीजल की जमाखोरी करना शुरू कर दिया है। पहले से ही पेट्रोल पंप की आपूर्ति में कटौती होने के कारण जमाखोरी ने हिसाब बिगाड़ दिया है। इस वजह से पंप से तेल समय से पहले ही खत्म हो रहा है। तेल खत्म होने के कारण टैंकर आने के बाद ही आपूर्ति बहाल हो रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से जमाखोरी न करने की अपील भी की गई है।