जिले के मेहंदीपुर खादर को पलवल के बाघपुर से जोड़ने वाले पुल का टेंडर जारी, निर्माण जल्द
छह करोड़ रुपये की लागत से बनेगा यमुना पर पुल, एक वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी के मेहंदीपुर खादर से होते हुए हरियाणा के पलवल जिले के बाघपुर गांव तक यमुना नदी पर बनने वाले पुल का टेंडर जारी हो गया है। इस पुल से दोनों शहरों ही नहीं दोनों राज्यों की दूरी भी कम हो जाएगी। इस पुल को बनाने की लागत छह करोड़ रुपये है। एक वर्ष में यमुना नदी पर लगभग दस मीटर चौड़ा पुल तैयार करने की योजना है।
यमुना नदी पर फलैदा से पलवल के बाघपुर तक बनने वाला पुल यूपी और हरियाणा के बीच व्यापार और कनेक्टिविटी को नई गति देगा। यह परियोजना यमुना सिटी को हरियाणा के सोलड़ा और बागपुर गांवों से जोड़कर, निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक सुलभ आवागमन सुनिश्चित करेगी। लोक सेवा निर्माण निगम इस पुल का निर्माण कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार पुल निर्माण का टेंडर जारी हो गया है। अब जल्द ही इस पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कॉमर्शियल उड़ानों के परिचालन की तिथि नजदीक आ रही है। इसके साथ ही निकट के जिलों और हरियाणा में रोड कनेक्टिविटी की तैयारी हो रही है। इसी कड़ी में यमुना सिटी के फलैदा से मेहंदीपुर खादर होते हुए हरियाणा के बाघपुर होेते हुए पलवल, मोहना गांव होते हुए फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक जुड़ जाएगा।
-
हरियाणा में मोहना से बागपुर के बीच बना जाएगी सड़क
यूपी और हरियाणा को जोड़ने के लिए मेहंदीपुर-बाघपुर पुल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही हरियाणा में भी मोहना से बागपुर के बीच 8 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके बाद शहर और गांवों के बीच की दूरी आठ किलोमीटर कम हो जाएगी।
-
मेहंदीपुर से बाघपुर को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पुल बनाने का टेंडर जारी हो गया है। अब जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पुल बनने में लगभग एक वर्ष का समय लगेगा। - ताजमुल हुसैन, जेई लोक निर्माण विभाग