- संघ के 100 वर्षों की यात्रा को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी आयोजित
-4000 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नोएडा में 28 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक आयोजित 150 पथ संचलन कार्यक्रमों की श्रृंखला का रविवार को समापन हुआ। इस अवसर पर नोएडा के विभिन्न 35 स्थानों पर संचलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 4000 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इनमें 600 से अधिक बाल स्वयंसेवक शामिल रहे। इस दौरान संघ के 100 वर्षों की यात्रा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लगाई गई। संघ का साहित्य भी उपलब्ध कराया गया।
पर्थला गांव, श्रमिक कुंज, सेक्टर-122 में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्मवीर यादव ने की, जबकि मुख्य बौद्धिक श्याम किशोर द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल स्वयंसेवकों के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सेक्टर-121 स्थित क्लिओ काउंटी में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कमल ढींगरा ने की, जहां प्रचारक चिरंजीव ने पंच परिवर्तन विषय पर अपने विचार रखते हुए समाज में एकता और सकारात्मकता का संदेश दिया। वहीं, जलवायु विहार सेक्टर-25 में कार्यक्रम की अध्यक्षता वायुसेना के सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन कपिल शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य संपूर्ण समाज का संगठन है। सेक्टर-31 में आयोजित कार्यक्रम में ब्रिगेडियर आदर्श भारद्वाज अध्यक्ष रहे, जबकि महानगर आईटी प्रमुख मनीष गुप्ता ने संघ के 100 वर्षों की यात्रा और उसके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।