कहा- 30 वर्षों से लंबित समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के जन स्वास्थ्य विभाग के डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर (डीबीसी) और सीएफडब्ल्यू (एमटीएस) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 7वें दिन रविवार को भी जारी रही। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक लंबित मांगों पर ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी।
एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के प्रमुख देवानंद शर्मा ने बताया कि एमसीडी अधिकारी से हुई बातचीत पूरी तरह असफल रही। यूनियन प्रतिनिधियों और अतिरिक्त आयुक्त सहित अन्य आला अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी लेकिन उसमें कर्मचारियों की 30 वर्षों से लंबित समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। अधिकारियों ने केवल हड़ताल खत्म करने की अपील की जिससे कर्मचारी और अधिक नाराज हो गए। जब तक कर्मचारियों के हित में कोई लिखित आदेश या ठोस कार्रवाई नहीं की जाती हम हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। जल्द समाधान नहीं निकला तो यूनियन प्रतिनिधि मुख्यमंत्री के दरवाजे तक जाएंगे और उनके संज्ञान में समस्याएं लाएंगे। देवानंद ने कहा कि हमारा धैर्य अब जवाब दे रहा है। अगर एमसीडी हमारी बात नहीं सुनेगी तो हम दिल्ली सरकार से दखल की मांग करेंगे।