हैमिल्टन कोर्ट रोड, एमजी रोड और व्यापार केंद्र की सड़क को बनाया जाना है मॉडल सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मेकिंग मॉडल गुड़गांव के प्रतिनिधियों, एक निजी विश्वविद्यालय के डिजाइन विभाग के प्रतिनिधि आदि ने मॉडल सड़क को लेकर सुझाव दिए। जीएमडीए के अधिकारी अमित गोदारा ने मौके पर पहुंचकर लोगों के सुझाव लिए और उस पर अमल करने का आश्वासन दिया। संगठन प्रमुख गौरी सरीन ने बताया कि जीएमडीए हैमिल्टन रोड, एमजी रोड और व्यापार केंद्र की सड़क को मॉडल सड़क बना रहा है। इसमें करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। यहां के लोगों ने मांग की थी कि मॉडल सड़क में वहां रहने वाले लोगों, पर्यावरणविदों और स्थानीय यूनिवर्सिटी के डिजाइन विभाग की भी राय ली जाए।
इसी क्रम में मेकिंग मॉडल गुरुग्राम के प्रतिनिधि गौरी सरीन, हैमिल्टन कोर्ट, रिजेंसी पार्क और सुशांत लोक वन से सुधा, रसिका, प्रीति, अनुपमा, बलदेव और चेतना के साथ डिजाइन विभाग अर्बन प्लानिंग प्रमुख कौशल प्रीत, फैकल्टी प्रमोद भट आदि ने मॉडल सड़क बनाई जा रही सड़क को लेकर अधिकारियों के साथ मौके पर अपनी राय रखी। जीएमडीए के अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि मॉडल सड़क पर फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और पौधरोपण लोगों की मांग के अनुसार ही होगा। सड़क को चौड़ा करने के लिए काफी संख्या में पेड़ काट दिए गए हैं, लोगों ने सुझाव दिए के फुटपाथ के साथ पेड़ हों ताकि लोग वहां टहल सकें। डिजाइन टीम ने भी कई सुझाव दिए।