आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दो मार्च की देर शाम ज्योति पार्क स्थित मंडी के पास नशे में धुत कार चालक ने कई लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
इस हादसे में ज्योति पार्क की गली-14 निवासी सुली (55) भी घायल हुआ है। सुली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो मार्च की शाम को सदर बाजार में दुकान से काम करके पैदल ही कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान ज्योति पार्क में मंडी के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार कार ने सुली सहित अन्य कई लोगों को टक्कर मार दी। लोगों ने कार चालक रितेश को पकड़ लिया, जोकि नशे की हालत में था। घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया। सुली का उपचार सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जांच अधिकारी महिला हेड कांस्टेबल पूनम ने बताया कि कार के चालक रितेश का मेडिकल कराया गया है। चालक को जांच में शामिल करके जमानत पर छोड़ा गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।