प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में पटौदी का प्रतिनिधित्व करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गुरुग्राम की ओर से शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोड़ा कला में पटौदी ब्लॉक स्तरीय सामाजिक विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डायट प्रिंसिपल एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी के नेतृत्व और डीआरयू विंग प्रभारी एवं वरिष्ठ प्रवक्ता अरुण कुमार राघव के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रतियोगिता में पटौदी ब्लॉक के विभिन्न क्लस्टरों सीआरसी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा 6वीं से 8वीं तक तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, नारा लेखन, वाद-विवाद, पोस्टर मेकिंग और कार्टून मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी रचनात्मकता, तर्क क्षमता और सामाजिक विषयों पर समझ का प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 15 अगस्त के बाद आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में पटौदी ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी पटौदी महेश कुमार, डीआरयू विंग इंचार्ज, अरुण कुमार राघव, जिला कार्यक्रम नोडल, राम किशन वत्स तथा विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्यों, ब्लॉक समन्वयक (बीआरसी) सरिता, एबीआरसी अनिल कुमार, सुनीता, सुरेश कुमार, मुकुट, विद्यालय के शिक्षकों, कार्यक्रम सह-नोडल कनिका भारद्वाज और अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।