बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, मामला प्रारंभिक जांच में संदिग्ध नजर आ रहा है। लेकिन, पुलिस ने आरोपी पति, देवर व एक रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खुर्जा नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसकी शादी दिल्ली निवासी सिराजुद्दीन के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज में कार व नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीडऩ किया जा रहा था। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला न्यायालय तक पहुंच गया। उसी दौरान आरोपियों ने उसे मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। महिला ने बताया कि, जब वह यहां आ गई तो ३१ जुलाई २०१९ को पति ने फोन कर ट्रांसपोर्ट नगर भूड़ पर बात करने के लिए बुलाया। कार में पति सिराजुद्दीन, देवर मोइनुद्दीन और एक रिश्तेदार असगर अली ने हत्या करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जिसके बाद तीनों उसे कार से नीचे धक्का देकर फरार हो गए। पीडि़ता ने बताया कि उसने थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने तब सुनवाई नहीं की। इसके बाद परिवार कोर्ट में याचिका दायर की। तब से अब तक उसी कोर्ट में लगातार तारीख लग रही थीं, लेकिन मामला निपटा नहीं। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।