आज सोमवार 22 सितंबर से नवरात्र पर्व शुरू हो गया है। इसे देखते हुए कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अंडा, बिरयानी जैसे दुकानों का व्यवसाय कर रहे व्यवसायियों के साथ एक बैठक आयोजित की। नवरात्रि के पावन अवसर पर कवर्धा नगर की सांस्कृतिक व धार्मिक भावनाओं की महत्ता को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका व व्यापारियों ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि इस पर्व के अवसर पर मंदिर क्षेत्र के आसपास दुकानें बंद रखने व निर्धारित स्थल में दुकान संचालित किया जाएगा।
बैठक में बताया कि नवरात्रि पर्व हमारे कवर्धा शहर की आत्मा है। धर्म नगरी व देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध कवर्धा मां विंध्यवासिनी, मां महामाया, मां दंतेश्वरी, मां सिंहवाहिनी व अन्य देवी-देवताओं का साक्षात वास है। उन्होनें बैठक में कहा कि नगर के सभी नागरिक मां दुर्गा के नौ रूपों के दर्शन सात्विक वातावरण में कर सकें व पूरे नगर का माहौल श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण बना रहे। नगर पालिका द्वारा अस्थायी तौर पर अंडा, बिरयानी व अन्य मांसाहारी दुकान लगाए जाने के लिए स्थल उपलब्ध कराया जाएगा। जहां अपने दुकान पूरे नवरात्रि तक लगा सकते है।
व्यापारियों ने पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए पवित्र पर्व की गरिमा को ध्यान में रखते हुए अंडा बिरयानी की दुकान नवरात्रि पर्व में मंदिर क्षेत्र के आसपास नही लगाने का आश्वासन दिया। सभी उपस्थित व्यवसायियों ने कहा कि नवरात्रि पर्व पर दुकान लगाए जाने के लिए नगर पालिका द्वारा अस्थायी तौर पर निर्धारित स्थल पर ही दुकान लगाया जाएगा।
इस निर्णय से कवर्धा नगर की धार्मिक गरिमा सामाजिक सौहार्द और आस्था की रक्षा हो सकेगी। नवरात्रि के दौरान नगर का वातावरण भक्ति व श्रद्धा से पूर्ण रहेगा। भक्तजन निश्चिंत होकर मंदिर दर्शन व पूजा‑अर्चना में शामिल हो सकेंगे।बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, सभापति रिंकेश वैष्णव, पार्षद संजीव कुर्रे, हरीश साहू, अनिल साहू, व्यापारी जगदीश चौरसिया, मुकेश ठाकुर, ललित साहू, शिवा साहू, नारायण साहू, कार्तिक मण्डल, मुकेश यादव, गोकुल यादव, कैलाश यादव, मेघनाथ यादव, बृजलाल देवांगन, सोनू साहू, अमित सिन्हा, अजमल खान, अल्ताफ खान उपस्थित थे।