अंबिकापुर के सरगवां के बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नौवीं कक्षा के एक छात्र ने छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में छात्र की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पीड़ित छात्र के परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन के चार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
हॉस्टल से भागकर बुआ के घर पहुंचा था छात्र
पीड़ित छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दिवाली की छुट्टियां समाप्त होने के बाद उसके परिजनों ने उसे वापस हॉस्टल में छोड़ा था। छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता के अनुसार 22 नवंबर को उनका बेटा हॉस्टल से भागकर अपनी बुआ के घर चला गया था। उसने फोन पर पिता से कहा था कि हॉस्टल में उसका मन नहीं लग रहा है और वह वहां आगे नहीं रहना चाहता। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से अनुरोध किया था कि उनके पहुंचने तक बालक को बुआ के घर से न लाया जाए। इसके बावजूद हॉस्टल प्रबंधन के लोग जबरन छात्र को वहां से वापस उठा लाए।
कमरे में बंद कर हाथ और पैर तोड़ने की दी धमकी
छात्र के रिश्तेदार जब बच्चे को अपने साथ रखने का आग्रह करने हॉस्टल पहुंचे तो स्कूल प्रबंधन ने उसे सौंपने से साफ इन्कार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन ने छात्र को उसके कमरे में बंद कर दिया और चेतावनी दी कि दोबारा भागने पर उसके हाथ और पैर तोड़ दिए जाएंगे। इस धमकी और कमरे में बंद किए जाने से उपजे मानसिक तनाव के कारण छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है।
स्कूल का पुराना विवाद
गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में नामजद असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह शैक्षणिक संस्थान पहले भी गंभीर विवादों के कारण चर्चा में रहा है। पूर्व में स्कूल के एक शिक्षक ने एक छात्र से 100 बार गाली लिखवाई थी। उस समय जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने खुद स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की थी, जिसके बाद प्रबंधन को आरोपी शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त करना पड़ा था।