World Updates: मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल गिरफ्तार; यूक्रेन पर रूसी ड्रोन का हमला, 14 लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जापान में 2009 में पचिंको पार्लर में आग लगाकर पांच लोगों की हत्या करने वाले एक व्यक्ति को शुक्रवार को फांसी दे दी गई। प्रधानमंत्री साने ताकाइची की सरकार के कार्यकाल में यह पहली फांसी है। जापान में मृत्युदंड को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने और इसे खत्म करने की मांग लगातार बढ़ रही है।
न्याय मंत्री हिरोशी हिरागुची ने बताया कि सुनाओ ताकामी ने ओसाका के भीड़भाड़ वाले पचिंको पार्लर में पेट्रोल फैलाकर और जलती हुई माचिस फेंककर आग लगाई थी। आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी और 10 अन्य घायल हुए थे।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “इससे बेहद गंभीर परिणाम सामने आए और समाज में बड़ा सदमा और डर पैदा हुआ।” उन्होंने कहा, “जिन पीड़ितों की जान चली गई, उन्हें अकल्पनीय पीड़ा और डर का सामना करना पड़ा होगा और जो लोग घायल हुए... उन्हें लंबे समय तक इसके प्रभावों के साथ जीने के लिए मजबूर होना पड़ा।” हिरागुची ने कहा, “न्याय मंत्री के तौर पर मैंने सावधानीपूर्वक और पूरी तरह विचार करने के बाद फांसी का आदेश दिया।” न्याय मंत्रालय ने बताया कि फांसी शुक्रवार को पहले ही दे दी गई थी।
58 वर्षीय ताकामी को हत्या, हत्या के प्रयास और आगजनी का दोषी ठहराया गया था। ओसाका जिला अदालत ने 2011 में उसे मौत की सजा सुनाई थी। उसकी अपीलों को 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था और मौत की सजा बरकरार रखी थी। हिरागुची ने बताया कि जापान में इस समय 100 लोग मौत की सजा का इंतजार कर रहे हैं। इनमें से 43 लोग दोबारा मुकदमे की मांग कर रहे हैं।
मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल पर लंदन में यौन उत्पीड़न के चार आरोप, सहायक भी गिरफ्तार
भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी का कानूनी प्रतिनिधित्व कर चुके आपराधिक मामलों के वकील विजय अग्रवाल पर लंदन में यौन उत्पीड़न के चार आरोप लगाए गए हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, अग्रवाल को पिछले सप्ताह ब्रिटेन की राजधानी के पॉश मेफेयर इलाके की एक संपत्ति से गिरफ्तार किया गया था।
अग्रवाल चोकसी के खिलाफ धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में उसका प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार, उन्हें 13 अगस्त को आरोपित किया गया और उसी दिन लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट्स कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें अगली सुनवाई तक हिरासत में भेज दिया।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, अग्रवाल पर यौन उत्पीड़न के चार मामले दर्ज किए गए हैं। कथित घटनाएं 26 मई और 9 अगस्त को हुई थीं। मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में होनी है। पुलिस ने बताया कि अग्रवाल की सहायक मनप्रीत कौर को भी घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया था। उन पर यौन उत्पीड़न में जानबूझकर प्रोत्साहित करने या सहायता करने के दो आरोप लगाए गए हैं। उन्हें भी वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट्स कोर्ट में पेश किया गया और अगली सुनवाई तक हिरासत में भेजा गया।
होर्मुज में अमेरिका ने 67 जहाजों का रास्ता बदला
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने बताया कि 20 अगस्त तक अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ नाकाबंदी लागू करते हुए 67 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदल दिया। तीन जहाजों को रोक दिया गया और दो अन्य जहाजों पर सवार होकर जांच की गई। यह कार्रवाई अरब सागर में अमेरिकी नौसैनिक अभियान के तहत की जा रही है। अमेरिका का कहना है कि इन कार्रवाइयों का मकसद ईरान पर लगाई गई नाकाबंदी के नियमों का पालन कराना है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के एमवी-22बी ऑस्प्रे विमान यूएसएस बॉक्सर से अभियान में काम कर रहे हैं। सेंटकॉम के मुताबिक अमेरिकी बल वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं और नियमों का पालन नहीं करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। अगस्त की शुरुआत में भी अमेरिका ने इसी अभियान के तहत दर्जनों जहाजों का रास्ता बदलने की जानकारी दी थी।
होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने का असर अमेरिका और ईरान तक सीमित नहीं रहेगा। यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जहाजों की आवाजाही में कमी से तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है। इससे परिवहन लागत और ऊर्जा कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। पहले से कम हुई जहाजों की आवाजाही बताती है कि कंपनियां सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। फिलहाल अमेरिका अपनी नाकाबंदी लागू करने के लिए समुद्री कार्रवाई बढ़ा रहा है, जबकि ईरान अमेरिकी दबाव को स्वीकार करने के संकेत नहीं दे रहा। एक तरफ अमेरिकी बलों ने 67 जहाजों का रास्ता बदला है, वहीं दूसरी तरफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या काफी कम बनी हुई है। ऐसे में किसी नए समुद्री टकराव या जहाज पर कार्रवाई से तनाव तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के अगले कदम पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।
पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप, दक्षिणी एंडीज में हिली धरती
पेरू के दक्षिणी एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर एक बजे आया और इसका केंद्र अयाकुचो क्षेत्र के परिनाकोचास प्रांत में उपाहुआचो शहर से 38 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई 66.7 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके इका और अरेक्विपा समेत दक्षिणी पेरू के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। तत्काल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली। पेरू प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में आता है, जहां भूकंपीय गतिविधियां अक्सर होती हैं।
क्रोएशिया की एक अदालत ने 2022 में नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन में हुए विस्फोटों के मामले में जर्मनी में वांछित एक यूक्रेनी नागरिक को हिरासत में रखने का आदेश दिया है। उसे बुधवार को पुला शहर में यूरोपीय गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। जर्मनी के अभियोजकों के अनुसार, संदिग्ध एक प्रशिक्षित गोताखोर था और उस समूह का हिस्सा था जिसने बाल्टिक सागर में नॉर्ड स्ट्रीम-1 और नॉर्ड स्ट्रीम-2 पाइपलाइनों में विस्फोटक लगाए थे। उसके वकील ने हिरासत के आदेश के खिलाफ अपील करने की बात कही है। 26 सितंबर 2022 के विस्फोटों में दोनों पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थीं।
10 हफ्ते बाद देश लौटे 93 वर्षीय राष्ट्रपति पॉल बिया, स्वास्थ्य को लेकर उठे थे सवाल
कैमरून के 93 वर्षीय राष्ट्रपति पॉल बिया 10 सप्ताह से ज्यादा समय विदेश में रहने के बाद बृहस्पतिवार को देश लौट आए। वह स्विट्जरलैंड के जिनेवा से राजधानी याउंडे पहुंचे। उनके लंबे समय तक देश से बाहर रहने के कारण स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं और सत्ता में संभावित खालीपन को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। बिया 1982 से कैमरून के राष्ट्रपति हैं और दुनिया के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में हुए विवादित चुनाव में जीत के बाद नवंबर में अपना आठवां कार्यकाल शुरू किया था। वह सात जून को यूरोप के निजी दौरे पर गए थे।
स्वीडन के फागेरस्ता शहर स्थित एक स्कूल में शुक्रवार को तलवार से हमला किए जाने की घटना सामने आई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शहर प्रशासन के अनुसार, यह हमला राजधानी स्टॉकहोम के उत्तर-पश्चिम में स्थित फागेरस्ता शहर के ब्रिनेल स्कूल में हुआ।
घटना की सूचना शुक्रवार दोपहर पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीटी न्यूज एजेंसी के हवाले से पुलिस प्रवक्ता पेले वामस्टेड ने बताया कि शुक्रवार दोपहर हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज उपलब्ध है या नहीं। अधिकारियों को उम्मीद है कि कैमरे की रिकॉर्डिंग जांच में अहम जानकारी दे सकती है।
अधिकारियों के मुताबिक, हमले के संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी के मकसद को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हमले की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
प्रिंस हैरी समेत 6 दावेदारों को डेली मेल के प्रकाशक को 124.51 करोड़ देने का आदेश
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी, गायक एल्टन जॉन और चार अन्य दावेदारों को असफल निजता मुकदमे के कानूनी खर्च के तौर पर डेली मेल के प्रकाशक एसोसिएटेड न्यूजपेपर्स को 124.51 करोड़ की अंतरिम राशि देनी होगी। जज मैथ्यू निकलिन ने शुक्रवार को अपने फैसले में यह आदेश दिया। राशि 28 अगस्त तक देनी होगी।
जज ने कहा कि मामले में दावेदारों का रवैया काफी हद तक अनुचित था, इसलिए अतिरिक्त कानूनी खर्च इंडेम्निटी बेसिस पर तय किए जाएंगे। पिछले महीने अदालत ने हैरी और अन्य पांच लोगों की याचिका खारिज कर दी थी। उन्होंने डेली मेल के प्रकाशनों पर फोन हैकिंग समेत कई गैरकानूनी गतिविधियों के आरोप लगाए थे, लेकिन अदालत ने कहा कि वे इन्हें साबित नहीं कर सके। अदालत को बताया गया कि प्रकाशक का कानूनी खर्च 450.26 करोड़ रुपये रहा, जबकि दावेदारों के पास 208.81 करोड़ रुपये का बीमा था। हैरी ने फैसले को पूरी तरह और स्पष्ट रूप से लीपापोती बताया था। अपील पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
चीन में टेस्ला समेत 9 कंपनियां 43 लाख वाहन वापस बुलाएंगी
टेस्ला समेत नौ वाहन कंपनियां चीन में 43 लाख वाहन वापस बुलाएंगी। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा वाहन रिकॉल है। इनमें टेस्ला के 29.8 लाख मॉडल-3, मॉडल-वाई, मॉडल-एस और मॉडल-एक्स शामिल हैं। कंपनियां आपातकालीन दरवाजा हैंडल की पहचान आसान बनाने के लिए चेतावनी लेबल और सॉफ्टवेयर अपडेट देंगी। शाओमी करीब 3.9 लाख, लीपमोटर 3.71 लाख और एक्सपेंग 2.64 लाख वाहन वापस बुलाएगी। रिकॉल 25 सितंबर से शुरू होगा।
यूक्रेन के मध्य शहर क्रिवी रिह में शुक्रवार को रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 90 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमले में छह बच्चे भी घायल हुए हैं। क्रिवी रिह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का गृह शहर है। स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल ने बताया कि दोपहर के समय ड्रोन ने एक शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाया। राहत और बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमले में पहले ड्रोन की एक लहर ने इलाके को निशाना बनाया और इसके बाद बचावकर्मियों के मौके पर पहुंचने के दौरान दूसरी लहर ने हमला किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि इस तरह के हमले आतंकवादी कृत्यों से कम नहीं हैं। क्रिवी रिह में चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध के दौरान कई बार हमले हो चुके हैं। अप्रैल 2025 में हुए एक हमले में 20 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें नौ बच्चे शामिल थे।