पश्चिम एशिया तनाव: सऊदी अरब में हमलों पर विदेश मंत्रालय सख्त, कहा- भारतीयों को निशाना बनाना अस्वीकार्य
भारत ने 21 अक्तूबर को सऊदी अरब में हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो घायल हुए। वहीं, सऊदी अरामको के शैबह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय घायल हुआ।
विस्तार
सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इससे एक दिन पहले, यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा देश के अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के सिलसिले के बीच, एक अन्य भारतीय नागरिक सऊदी अरब के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए ड्रोन हमले में घायल हो गया था। यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
रियाद में भारतीय दूतावास ने बताया कि सऊदी अधिकारियों ने उन्हें बुधवार रात हुए हमले में हताहत हुए लोगों के बारे में जानकारी दी है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'कल रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, और दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।' दूतावास ने कहा कि वे और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमलों में तेजी आई है। ईरान समर्थित हूथी विद्रोही सऊदी अरब के खिलाफ लंबे समय से अभियान चला रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम 21 अक्तूबर को सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए लगातार हमलों की कड़ी निंदा करते हैं।" मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। भारत ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्रालय ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। मंत्रालय ने दोहराया, "नागरिकों और अहम बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत बंद होना चाहिए।" बयान में कहा गया, "हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा करने में वहां के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं। हमें उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।"
प्राधिकरण ने क्या बताया?
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि बुधवार देर रात हुए इस हमले में आठ लोग घायल हुए हैं। वहीं, हवाई अड्डे को कुछ नुकसान भी पहुंचा है। फ्लाइट-ट्रैकिंग सेवा 'फ्लाइटराडार24' ने एक्स (ट्विटर) पर जानकारी दी कि हवाई अड्डे की ओर आ रही उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया है।
हमला किसने किया?
हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान सार्वजनिक रूप से नहीं की है। बुधवार को सऊदी अरामको के शायबाह ऑयलफील्ड पर हुए ड्रोन हमले के बाद ये ताजा हताहत मामले सामने आए हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। भारतीय मिशन ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें 'पता चला है कि आज शायबाह ऑयलफील्ड पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया है।' दूतावास ने बताया कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और घटना के बारे में और जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है। मिशन ने कहा कि वह घायल भारतीय नागरिक को हर जरूरी मदद मुहैया कराएगा।
अमेरिका ने अपने राजनयिकों को क्या आदेश दिया?
बुधवार देर रात, अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को सऊदी अरब छोड़ने का आदेश दिया। यह कदम यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा देश में किए गए कई घातक हमलों और तनाव बढ़ने की आशंकाओं के मद्देनजर उठाया गया है।
पिछले महीने, हूती विद्रोहियों के एक ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद उसके मलबे की चपेट में आने से सऊदी अरब में रहने वाले यमन के एक निवासी की मौत हो गई थी। जब से हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जहाजों और तेल सुविधाओं को निशाना बनाते हुए अपने हमले तेज किए हैं, तब से यह नागरिकों की मौत का पहला मामला था।
ऊर्जा मंत्रालय ने क्या बताया?
ऊर्जा मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित दुनिया की सबसे बड़ी तेल सुविधाओं में से एक, 'अरामको' की एक प्रशासनिक इमारत में आग लग गई थी। यह घटना भी एक हमले के दौरान हुई थी।