दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में शुक्रवार शाम तेज बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे तक लगातार हुई बारिश से विद्यानगर कॉलोनी सहित आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों और खाली पड़े भूखंडों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
बारिश से निचले इलाकों में भरा पानी
लगातार दो घंटे तक हुई बारिश के कारण तेंदूखेड़ा के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। विद्यानगर कॉलोनी में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ा। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे पानी कम होने लगा और स्थिति सामान्य होने लगी। रिहायशी इलाकों में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में रही। खाली पड़े भूखंडों में पानी जमा होने के कारण आसपास के लोगों को परेशानी हुई। तेज बारिश के दौरान कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा।
दो दिन पहले पुलों पर बह रहा था दो फीट पानी
इससे पहले दो दिन पूर्व भी तारादेही, मड़ियादो और वर्धा मार्ग के पुलों पर करीब दो फीट पानी बहने लगा था। पानी का बहाव बढ़ने से इन मार्गों पर आवागमन ठप हो गया था। करीब दो घंटे बाद पानी उतरने पर यातायात फिर से बहाल हो सका था। लगातार बारिश को देखते हुए नदी-नालों और पुल-पुलियों पर पानी बढ़ने की स्थिति में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में मानसून का 'तांडव': सिवनी-बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट, नदियों के उफान से 16 जिलों में बाढ़ का खतरा
जिले में अब तक 525 मिमी बारिश
दमोह जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश का दौर जारी है। बारिश से जुलाई की उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है। जिले में अब तक कुल 525 मिलीमीटर यानी करीब 20.67 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, यह आंकड़ा जिले की औसत बारिश से कम है, लेकिन सावन के महीने में लगातार हो रही बारिश से किसानों और ग्रामीणों को आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। फिलहाल तेंदूखेड़ा क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।