हल्द्वानी: हकीम के पास इलाज कराने गई महिला की मौत, मालिश के दौरान पहलवान ने मोड़ी गर्दन, मौके पर ही हुई मौत
रामपुर रोड स्थित ईको टाउन निवासी मीनाक्षी (21) की शनिवार सुबह 9:30 बजे कालाढूंगी रोड स्थित हकीम के यहां मालिश के दौरान गर्दन मोड़े जाने से मौत हो गई।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड स्थित ईको टाउन निवासी मीनाक्षी (21) की शनिवार सुबह 9:30 बजे कालाढूंगी रोड स्थित हकीम के यहां मालिश के दौरान गर्दन मोड़े जाने से मौत हो गई। उनके पति रामचरण उन्हें ई-रिक्शा से बेस अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मीनाक्षी मूल रूप से पिथौरागढ़ के टिम्टा गांव की रहने वाली थीं। परिजनों ने हकीम के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
हल्द्वानी निवासी मनोज टम्टा ने बताया कि वह मीनाक्षी के बहनोई हैं। बताया कि मीनाक्षी पिछले करीब तीन माह से गर्दन में दर्द की समस्या से परेशान थीं। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उनका इलाज चल रहा था। किसी व्यक्ति ने उन्हें कालाढूंगी रोड पर गुरुद्वारे के समीप स्थित हकीम के पास जाने की सलाह दी। बताया कि शनिवार सुुबह पति और बच्चों को लेकर वह हकीम की दुकान पर पहुंचीं। आरोप है कि हकीम ने मीनाक्षी की मालिश शुरू की। इसी दौरान उसने उनकी गर्दन को जोर से मोड़ दिया। गर्दन मोड़े जाने के बाद मीनाक्षी बचाव-बचाव चिल्लाते हुए विरोध किया, लेकिन इसके तुरंत बाद वह बेसुध हो गईं। इससे अफरा-तफरी मच गई। पति रामचरण आनन-फानन में उन्हें ई-रिक्शा से बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मीनाक्षी को मृत घोषित कर दिया।
चार वर्ष पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चे हैं
मीनाक्षी के पति रामचरण निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मीनाक्षी के डेढ़ और ढाई वर्ष आयु के दो बेटे हैं। पति कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं। दोनों छोटे बच्चे जिन्होंने अब तक होश भी नहीं संभाला, उनके सिर से ममता का आंचल हमेशा के लिए छिन गया।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, मौत का कारण रिपोर्ट से पुष्ट होगा। परिवार ने हकीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है, लेकिन अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -हरबंस सिंह, एसपी सिटी