UG admission 2025: दाखिले के लिए 8 मई से प्रवेश परीक्षा, NTA एक जून तक कराएगा CUET का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट
अब एनटीए की ओर से फाॅर्मों की जांच के साथ ही प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस महीने के तीसरे सप्ताह से अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र को भी पोर्टल पर अपलोड करवाया जाएगा।
विस्तार
UG admission 2025: बीएचयू समेत केंद्रीय विश्वविद्यालयों में यूजी में दाखिले के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से 8 मई से एक जून तक प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
शिक्षा मंत्रालय की ओर से केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी एनटीए को दी गई है। सीयूईटी यूजी के लिए 24 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन और 25 मार्च तक फीस जमा करने के बाद एनटीए की ओर से अभ्यर्थियों को 24 से 26 मार्च तक का समय फाॅर्म में किसी तरह की गलती को सुधार के लिए दिया गया था।
इस बीच एनटीए ने प्रवेश परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में करवाई जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों के लिए एनटीए के पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही प्रवेश परीक्षा सहित अन्य नियमावली भी दी गई है।
बीएचयू में हर साल देश भर से यूजी, पीजी में दाखिले के लिए पांच लाख से अधिक आवेदन आते हैं। यूजी में करीब 9 हजार से अधिक सीटें हैं, जिस पर दाखिले के लिए दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इस बार आवेदन किया है।
एनटीए ने बनाई हेल्पडेस्क, दूर होगी हर समस्या
यूजी में ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की किसी तरह की समस्या पर भटकना नहीं पड़े, इसके लिए हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। एनटीए में ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अर्चना शुक्ला का कहना है कि आवेदन के बारे में किसी तरह की जानकारी हेल्प डेस्क पर ली जा सकती है। इसके लिए एनटीए के पोर्टल पर हेल्प डेस्क नंबर सहित अन्य जानकारियां दी गई है।