कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक ताकत: डॉ. अशोक बोले- बूथ तक मजबूत करें संगठन, नए लोगों को जोड़ने पर जोर
डॉ. अशोक ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि कार्यकर्ता जनसंपर्क बढ़ाकर नए लोगों को पार्टी से जोड़ें। संगठन की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विस्तार
क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया में रविवार को विभाग एवं प्रकोष्ठों की बैठक में तय किया गया कि कार्यकर्ताओं की क्षमता, रुचि और योग्यता के अनुसार उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी। काशी क्षेत्र अध्यक्ष डॉ. अशोक चौरसिया ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की वास्तविक ताकत हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. उत्तम ओझा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र अध्यक्ष डॉ. अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से ही संगठन को और मजबूत बनाया जा सकता है। क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता की क्षमता और रुचि के अनुसार उसे जिम्मेदारी दी जाए। महामंत्री अनूप जायसवाल, उपाध्यक्ष अमित राय, अनिल गुप्ता, सीए प्रमोद, बीर भद्र सिंह, विशाल केशरी, गजानन जोशी, मनोज यादव रहे।
वहीं रविवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में व्यवस्था टोली की बैठक हुई। बैठक में महापौर अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, महामंत्री अजय गुप्ता रहे।
बूथों पर दीपोत्सव, महिलाओं का सम्मान : अभियान के दौरान भाजपा बूथ स्तर तक कार्यक्रम करेगी। बूथों पर दीपोत्सव के साथ आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। काशी विश्वनाथ धाम और वंदे भारत समेत विकास कार्यों पर आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से गोलघर, मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह हुआ। इस दौरान काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव और अमित राय, क्षेत्र मंत्री जगदीश त्रिपाठी, विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी उत्तम ओझा, क्षेत्र कार्यसमिति सदस्य अनिल गुप्ता और सीए प्रमोद सिंह का पुष्पगुच्छ, पटका और टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कारोबारियों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की। इस अवसर पर राष्ट्र के प्रथम स्वच्छता शहीद दिवंगत प्रमोद कुमार निगम की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक के बाद शुरू होगी यात्रा
17 सितंबर की सुबह सात से 10 बजे तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में बाइकर्स का जत्था श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेगा। इसके बाद यात्रा का शुभारंभ होगा। मुख्य कार्यक्रम रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष गेट से युवा बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।