नाहिद हसन प्रकरण: गुपचुप तरीके से धरने की तैयारी, नरेश टिकैत से मिलीं पूर्व सांसद तबस्सुम
दरअसल पुलिस प्रशासन का पूरा ध्यान 16 सितंबर पर टिक गया है। पूर्व सांसद को धरने का अनुमति पत्र निरस्त कर दिया है। मगर चर्चा है कि दूसरा पक्ष धरने के लिए जनसमर्थन जुटाने में लगा है। शनिवार शाम एक फोटो वायरल हुआ, जिसमें तबस्सुम हसन को भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत से वार्ता करते दिखा गया है। नरेश टिकैत के भाई नरेंद्र टिकैत ने इसकी पुष्टि की है।
इसके अलावा पुलिस प्रशासन ने भी अपने पर तैयारी शुरू कर दी है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि कैराना कस्बे में चार कंपनी पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा नोएडा और रामपुर से भी रविवार तक दो कंपनी पीएसी और दो कंपनी अर्द्धसैनिक बल पहुंच जाएगा।
कस्बे के चारों तरफ ठहराई गई पीएसी
कैराना कस्बे में पहुंची चार कंपनी पीएसी में एक कंपनी को मन्ना माजरा के पास रेमटेक इंजीनियरिंग कालेज, एक कंपनी प्रधानमंत्री कौशल केंद्र, एक कंपनी पानीपत रोड पर बालाजी आईटीआई सेंटर तथा एक कंपनी की खुरगान स्थित राजकीय इंटर कालेज में ठहरने की व्यवस्था की गई है। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि चार कंपनियां पीएसी बल की बुलाई गई है।
इसके अलावा पहले से ही दो प्लाटून पीएसी की पब्लिक इंटर कालेज में ठहरी हुई है। शामली। कैराना के हालात पर शासन स्तर से पल पल की अपडेट ली जा रही है। प्रशासन के अलावा शासन की भी नजरें कैराना पर हैं। पुलिस मुख्यालय को भी अपडेट कराया जा रहा है। एसपी ने बताया कि उच्चाधिकारियों को पूरी जानकारी दी जा रही है।
कैराना पुलिस प्रशासन ने सभी कार्य कानूनी ढंग से किए हैं। धरने के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। जिले में धारा 144 पहले से ही लागू है। ऐसे में यदि बिना अनुमति कोई भीड़ जुटती है तो गैर कानूनी होगी, पुलिस भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम कर रहा है। लोगों से अपील है कि वह कानून का पालन करें। - अजय कुमार ,एसपी शामली