कानपुर देहात: नदी में मछली पकड़ने गए अधेड़ से मारपीट, पेशाब पिलाने का आरोप; थाने पहुंचकर दी तहरीर
Kanpur dehat News: नगर के पास से निकली सेंगुर नदी में शनिवार सुबह मछली पकड़ने गए अनुसूचित वर्ग के अधेड़ का घाट पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। अधेड़ ने युवकों पर जातिसूचक गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डेरापुर नगर के एक वार्ड निवासी 55 वर्षीय अधेड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह सेंगुर नदी में मछली पकड़ने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान नगर का एक युवक दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और उससे नदी किनारे आने का कारण और नाम पूछा।
पीड़ित के अनुसार, नाम बताने के बाद आरोपी भड़क गए और अनुसूचित वर्ग का होने का हवाला देते हुए जातिसूचक गाली-गलौज करने लगे। उसने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि वह उनके घाट पर मछली पकड़ने कैसे आया।
भागने पर पकड़ने का आरोप
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी ने उसे पेशाब पिलाने की बात कही। इसके बाद वह वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपी के दोनों साथियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने उसके मुंह में पेशाब कर दी। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
डेरापुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी देने के साथ जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।