झांसी में दर्दनाक हादसा: नदी में एक को बचाने के चक्कर में पांच डूबे, सभी की मौत; श्राद्ध कर्म के दौरान हादसा
घटना रानीपुर के देवी सिंह पुरा गांव की है। सुखनई नदी में नहाने के दौरान पांच युवक डूब गए। यह सभी युवक एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। पांचों की मौत की खबर से परिजनों में गहरा शोक छा गया और कोहराम मच गया।
विस्तार
झांसी जिले में मऊरानीपुर क्षेत्र के अंतर्गत देवरी सिंहपुरा गांव के पास सुखनई नदी में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। ताऊ के श्राद्ध के बाद नदी में तिलांजलि देने गए एक ही परिवार के पांच लोग नदी के गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों की मदद से पांचों के शवों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से गांव और आसपास के पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। देवरी सिंहपुरा निवासी विजय तिवारी के अनुसार, 28 सितंबर को अनूप तिवारी (45) के ताऊ का श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार सुबह अनूप अपने पारिवारिक सदस्यों श्रेयांश (21), अभिनय तिवारी (26), अर्पित (12) और जालौन के हरदोई निवासी रिश्तेदार पुष्कर शुक्ला (23) के साथ सुखनई नदी पर चैक डैम के पास तिलांजलि देने व स्नान करने गए थे।
उप जिलाधिकारी मनोज कुमार भारती, पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक खोजबीन अभियान चलाया गया, जिसके बाद एक-एक करके पांचों लोगों के शवों को बाहर निकाला गया। किसी के पैर में, किसी के सिर पर और किसी के चेहरे पर चोटें आई थीं।
मृतकों की फाइल फोटो