देवठान: तिथियों के फेर के चलते इस वर्ष मनाया जा रहा दो दिन, देवोत्थान पर जागेंगे श्रीहरि, गूंजेंगी शहनाइयां
आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में रहते हैं। इस चार माह की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है, इस दौरान मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं।
विस्तार
चार माह के इंतजार के बाद आज देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे। इसके साथ ही जिले में शहनाइयां गूंजने लगेंगी। गृह प्रवेश, मुंडन व जनेऊ जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। तिथियों के फेर के चलते इस वर्ष देवोत्थान का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। चातुर्मास की समाप्ति के साथ ही घरों से लेकर मंदिरों तक धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रहेगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में रहते हैं। इस चार माह की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं। मांगलिक कार्यों की शुरुआत की उम्मीद में बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। सराफा, कपड़ा, बर्तन, सजावट और बैंड-बाजा कारोबारियों के यहां खरीदारी के साथ ही बुकिंग का दौर तेज हो गया है।
पंचांग की गणना के अनुसार एकादशी तिथि के मान के चलते इस वर्ष देवोत्थान पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। पहले दिन गृहस्थजन व्रत-पूजन करेंगे, जबकि दूसरे दिन वैष्णव परंपरा के अनुसार पर्व मनाया जाएगा। भगवान विष्णु के जागृत होते ही चातुर्मास समाप्त होगा और मांगलिक कार्यों के मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। - शेखुन्द्रु दत्त शर्मा, वरिष्ठ विद्वान
विज्ञापन विज्ञापन
देवोत्थान एकादशी सनातन धर्म में अत्यंत फलदायी मानी गई है। इस दिन गन्ने का मंडप बनाकर भगवान विष्णु के चरण चिह्न अंकित किए जाते हैं और तुलसी-शालिग्राम विवाह होता है। शुक्रवार से विवाह, नए व्यापार और गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त शुरू हो रहे हैं। - सीपूजी महाराज, युवा विद्वान
