{"_id":"6ab3c314e14b160601015045","slug":"anti-corruption-team-arrested-kanungo-in-hapur-dhaulana-for-accepting-bribe-from-doctor-2026-09-23","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"एंटी करप्शन का शिकंजा: हापुड़ में चिकित्सक से मांगी थी डेढ़ लाख की रिश्वत, 50 हजार लेते हुए कानूनगो गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एंटी करप्शन का शिकंजा: हापुड़ में चिकित्सक से मांगी थी डेढ़ लाख की रिश्वत, 50 हजार लेते हुए कानूनगो गिरफ्तार
Wed, 23 Sep 2026 05:46 PM IST
Rahul Kumar Tiwari
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Wed, 23 Sep 2026 05:46 PM IST
हापुड़ में जमीन संबंधी काम के बदले डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में धौलाना तहसील के कानूनगो बिजेंद्र सिंह को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। चिकित्सक के क्लीनिक पर 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
50 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हापुड़ में जमीन से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने के आरोप में धौलाना तहसील में तैनात कानूनगो बिजेंद्र सिंह को एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कानूनगो ने शौलाना गांव निवासी चिकित्सक डॉ. केपी सिंह से जमीन संबंधी काम के एवज में डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की और चिकित्सक के क्लीनिक से कथित तौर पर रिश्वत की पहली किस्त लेते समय कानूनगो को पकड़ लिया।
विज्ञापन
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, डॉ. केपी सिंह शौलाना गांव में जमीन से संबंधित मामले को लेकर तहसील के चक्कर लगा रहे थे। चिकित्सक का कहना है कि जमीन की रजिस्ट्री, फर्द और दाखिल-खारिज संबंधी दस्तावेज उनके पास हैं और मौके पर उनका कब्जा भी है। आरोप है कि इसके बावजूद कानूनगो जमीन के कुछ हिस्से को किसी अन्य व्यक्ति की भूमि से संबंधित बताते हुए उनसे लगातार रकम की मांग कर रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
चिकित्सक के मुताबिक, उन्होंने कानूनगो को जमीन से जुड़े मूल दस्तावेज भी दिखाए, लेकिन आरोप है कि समस्या का समाधान करने के बजाय उनसे डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद चिकित्सक ने मामले की शिकायत मेरठ एंटी करप्शन ब्यूरो में की।शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार को कानूनगो कथित रूप से 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेने के लिए चिकित्सक के क्लीनिक पहुंचा। जैसे ही रुपये लिए गए, टीम ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी की सूचना धौलाना तहसील पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। तहसील के लेखपाल और अन्य कर्मचारी भी थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एंटी करप्शन टीम आरोपी कानूनगो को लेकर धौलाना थाने पहुंची। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच और विधिक प्रक्रिया के आधार पर होगी। क्षेत्राधिकारी पिलखुवा मुनीश चन्द्र ने बताया कि कि अभी एंटी करप्शन टीम पूछताछ कर रही है।