'मैं लूजर हूं...': तीन माह पहले की एनडीए की लिखित परीक्षा पास, अब एएमयू छात्र ने दी जान, 'बाबू' से थी दोस्ती
एएमयू के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र कृष्णा शर्मा की मौत के बाद शनिवार को जम्मू में अंतिम संस्कार कर दिया गया। 19 वर्षीय कृष्णा एएमयू में फॉरेन लैंग्वेज (फ्रेंच) की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, कृष्णा की दोस्ती एक ऐसी लड़की से थी, जो उससे करीब चार साल बड़ी थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन माह पहले एनडीए की लिखित परीक्षा पास कर भविष्य की नई राह देख रहे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्र कृष्णा शर्मा ने बृहस्पतिवार देर रात एक पीजी में आत्महत्या कर ली। जम्मू निवासी कृष्णा (19) के कमरे से पांच लाइन का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि मैं लूजर हूं, कुछ नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए जान दे रहा हूं। चार दिन पहले ही वह घर से अलीगढ़ लौटा था। घटना से करीब तीन घंटे पहले पिता से वीडियो कॉल पर उसकी बात भी हुई थी।
12वीं के बाद अलीगढ़ आए कृष्णा एएमयू के विदेशी भाषा विभाग में बीए द्वितीय वर्ष में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई कर रहे थे। वह एएमयू से बाहर दोदपुर इलाके में मुजम्मिल मंजिल के पीछे रिटायर डॉ. एचए खान के मकान में बने पीजी में एक साथी छात्र के साथ रहते थे। इसी साल मई में उन्होंने एनडीए की लिखित परीक्षा पास की है। उनका साक्षात्कार होना बाकी था। चार दिन पहले ही कृष्णा घर से आए थे। उनके पिता विक्रांत शर्मा जम्मू के पीर मीठा इलाके में रहते हैं और भाजपा के पूर्वी मंडल के प्रवक्ता हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह जम्मू से अलीगढ़ पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा प्राइवेट पीजी में अपने दोस्त के साथ रहते थे। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे उसने साथी से कपड़े बदलने की बात कही। कुछ देर के लिए साथी बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटकर आया तो उसे कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो अन्य लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खोलने पर कृष्णा का शव मिला। तलाशी के दौरान मिले सुसाइड नोट में परिवार के प्रति अपने प्रेम और अपनी स्थिति को लेकर असमर्थता जाहिर की गई है। पोस्टमार्टम के बाद कृष्णा का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पापा को बताना मत, वर्दी में सैल्यूट करूंगा
कृष्णा के पिता ने बताया कि बेटा एनडीए की लिखित परीक्षा पास करने से काफी खुश था। उसने मां से अपनी सफलता साझा करते हुए कहा था कि अभी पापा को मत बताना। जब वर्दी पहनकर सामने आऊंगा तो सबसे पहले पापा को सैल्यूट करूंगा। बेटे के इस सपने की जानकारी परिवार को थी, लेकिन उसकी मौत के बाद यह बात याद कर परिजन खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। घटना वाली रात करीब 10:15 बजे पिता की उससे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। पिता ने बताया कि कृष्णा की आंखें लाल थीं। पूछने पर उसने कहा कि वह अभी सो रहा था, इसलिए आंखें लाल हैं। पिता के मुताबिक, बातचीत में उन्हें किसी तरह की परेशानी का अंदाजा नहीं हुआ।
‘बाबू’ शब्द और मोबाइल की जांच
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में ‘बाबू’ शब्द भी लिखा मिला है। कृष्णा के साथियों ने पुलिस को बताया कि वह फोन पर एक नंबर पर काफी देर तक बातचीत करता था। पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाने का प्रयास कर रही है। कॉल डिटेल और मोबाइल में उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना से पहले की उसकी गतिविधियों की जांच की जाएगी।
रक्षाबंधन पर बहन से वीडियो कॉल का था वादा
कृष्णा 15 अगस्त को घर से अलीगढ़ लौटा था। इस बार रक्षाबंधन पर घर नहीं जा सका था। बहन ने उससे वीडियो कॉल पर राखी बांधने की बात कही थी। परिवार के मुताबिक, हर साल वह रक्षाबंधन पर घर जाता था, लेकिन इस बार आने-जाने के खर्च के कारण उसने जन्माष्टमी या 14 सितंबर को अपने जन्मदिन पर घर आने की बात कही थी।
आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मोबाइल, कॉल डिटेल और परिवार व दोस्तों से मिली जानकारी के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। - सर्वम सिंह, सीओ तृतीय
बेटे से चार साल बड़ी लड़की से थी कृष्णा की दोस्ती, छह माह पहले परिवार को चला था पता
एएमयू के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र कृष्णा शर्मा की मौत के बाद शनिवार को जम्मू में अंतिम संस्कार कर दिया गया। 19 वर्षीय कृष्णा एएमयू में फॉरेन लैंग्वेज (फ्रेंच) की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, कृष्णा की दोस्ती एक ऐसी लड़की से थी, जो उससे करीब चार साल बड़ी थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। करीब छह माह पहले परिवार को इस दोस्ती की जानकारी हुई थी।
गुरुवार देर रात सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित निजी पीजी में कृष्णा की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अलीगढ़ पहुंचे। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद कृष्णा का शव जम्मू स्थित घर पहुंचा। शव घर पहुंचते ही मां और छोटी बहन काव्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम छा गया। रिश्तेदारों और परिचितों की मौजूदगी में शनिवार को कृष्णा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।