{"_id":"124-60984","slug":"Lucknow-60984-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"पिछले 24 घंटों में 67.3 मिमी. रिकार्ड हुई बारिश, दिन भर चली तेज हवायें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पिछले 24 घंटों में 67.3 मिमी. रिकार्ड हुई बारिश, दिन भर चली तेज हवायें
Lucknow
Updated Tue, 18 Jun 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
लखनऊ। एक दिन पहले ही उमड़-घुमड़ कर आसमान पर छाए काले बादलों को देखकर जैसी उम्मीद जताई जा रही थी, सोमवार को बादल उस पर खरे उतरे। 20 किमी. की रफ्तार से चल रही जोरदार हवाओं के साथ रात से जारी बौछारों का दौर सुबह भी चलता रहा और राजधानी दिन भर मानसूनी बारिश में रुक रुक कर भीगती रही। बरखा की झड़ी रविवार रात को जो शुरू हुई तो वो सोमवार को दिन भर जारी रही। 24 घंटे में शहर में 67.3 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई। देर रात के बाद से दिन भर जारी रही जोरदार हुई बारिश ने शहर का तापमान भी जबरदस्त तरीके से लुढ़काया। इस कदर कि दिन के अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर 7 डिग्री के आसपास रह गया। रविवार की रात जारी झमाझम बारिश के बाद सुबह जब शहरियों की आंखे खुली तो आसमान पर घने काले बादल दिखे। गरज-चमक के बीच दिन भर बादल रुक -रुक कर पानी बरसाते रहे और लोग भीगते रहे। सुबह 10 बजे से पहले बादलों ने शहर में जो तेज बौछारों का दौर शुरू हुआ तो वह शाम तक कई बार रुक रुक कर बारिश जारी रही। दोपहर दो बजे के बाद राजधानी में बादलों ने इस कदर डेरा डाला कि दिन में अंधेरा छा गया। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट तक जलानी पड़ीं। रविवार रात से सोमवार सुबह तक 50 मिमी. बारिश दर्ज हुई तो सुबह से शाम तक 17.3 मिमी. बारिश दर्ज की गई। बारिश और बादल छाए रहने के चलते दिन का अधिकतम तापमान भी धड़ाम हुआ। ये सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 29.7 डिग्री पर जा पहुंचा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर 14 से 22 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम खुशनुमा बनाया। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्त ने बताया कि आने वाले दो दिनों में राजधानी समेत आसपास के मैदानी इलाकों में हवा के तेज झोंको के साथ रुक रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा और बादल छाये रहेंगे।
विज्ञापन
