Vivo के इस फोन की डिस्प्ले पर होगा फिंगरप्रिंट सेंसर !

स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट होना आजकल आम बात हो गई है। अभी तक आप होम बटन या बैक बैनल पर फिंगरप्रिंट स्कैनर यूज करते आ रहे हैं, लेकिन जल्द ही आपको फोन की स्क्रीन पर फिंगरप्रिंट सेंसर मिलने वाला है। दरअसल वीवो एक नया स्मार्टफोन लॉन्च कर रही है जिसकी डिस्प्ले पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर होगा।
जाने-माने रिसर्चर Jiutang Pan ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें इस बात की पुष्टि हुई है कि अगले कुछ महीने में वीवो नया स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है जिसके डिस्प्ले पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर होगा। अगर ऐसा होता है तो किसी चाइनीज कंपनी द्वारा बनाया गया यह पहला फोन होगा।
वहीं एक्सपर्ट का कहना है कि इसके बाद ऐप्पल ऐसी दूसरी कंपनी होगी जिसके आईफोन 8 में भी डिस्प्ले पर फिंगरप्रिंट सेंसर होगा। वहीं सैमसंग गैलेक्सी 8 को लेकर भी खबर है कि उसमें भी होम बटन की बजाय स्क्रीन पर ही फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया जाएगा।
लीक हुई वीडियो के मुताबिक वीवो के अलावा दो अन्य चाइनीज कंपनी भी अपने अपकमिंग स्मार्टफोन में डिस्प्ले पर फिंगरप्रिंट सेंसर देने की तैयारी कर रही हैं। इस लिस्ट में हुवावे का पी11 और शाओमी का नाम है।