13 लाख भारतीयों के बैंक अकाउंट में सेंध, बचने का यह है तरीका

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Fri, 01 Nov 2019 01:40 PM IST
1.3 million Indian bank cards for sale online on dark web how to be safe
hacker - फोटो : Lifewire

    देश के करीब 13 लाख लोगों के बैंक अकाउंट में सेंध लगने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 लाख लोगों के क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी लीक हो गई है। इन सभी लोगों के बैंक अकाउंट की जानकारी हैकर्स तक पहुंच गई है। ऐसे में किसी के भी अकाउंट से कभी भी पैसे गायब हो सकते हैं।

    रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हैकर्स भारतीय लोगों के क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी ऑनलाइन बेच रहे हैं। वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने सभी बैंकों को इस मामले की जांच का आदेश दिया है। तो अब बड़ा सवाल यह है कि यदि आपके बैंक खाते की जानकारी लीक हो गई है तो इससे बचने का रास्ता क्या है? आइए जानते हैं....

    कौन-कौन सी जानकारी हैकर्स के पास पहुंची?

    card details
    card details - फोटो : Group-IB

    रिपोर्ट के मुताबिक यह इस साल की सबसे बड़ी हैकिंग है। इसमें ट्रैक-2 का डाटा चोरी हुआ है जो कि क्रेडिट या डेबिट कार्ड के पीछे मैग्नेटिक स्ट्रिप में होता है। इसमें कार्ड होल्डर के बारे में पूरा जानकारी होती है। डाटा एनालिसिस ग्रुप आईबी के मुताबिक हैकर्स की वेबसाइट जोकर स्टैश पर 13 लाख बैंक कार्ड की जानकारी बिक्री हो रही है।

    इनमें से 98 फीसदी जानकारी भारतीय लोगों के कार्ड की है। बड़ी बात यह है कि इनमें से 18 फीसदी डाटा एक ही बैंक के हैं, हालांकि बैंक के नाम का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वेबसाइट पर एक कार्ड की जानकारी करीब 700 रुपये में बेची जा रही है। शुरुआती जांच में यही कहा जा रहा है कि हैकिंग के अलावा कार्ड स्वैपिंग मशीन और पीओएस स्किमर से भी डाटा चोरी किए गए हैं।

    इतनी बड़ी हैकिंग से बचने का तरीका क्या है?

    HTTPS
    HTTPS

    इतनी बड़ी हैकिंग में आप और हम में से किसी के भी बैंक की जानकारी शामिल हो सकती है। ऐसे में आपके लिए पहला काम यह है कि जिस भी किसी पेमेंट वॉलेट या शॉपिंग वेबसाइट पर आपका कार्ड सेव है, उसे डिलीट करें। इसके अलावा अपने कार्ड का पिन भी तुरंत बदलें। मैसेज या ई-मेल के रूप में आए किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें।

    यदि आप अपने बैंक का एप इस्तेमाल करते हैं तो लॉग आउट करें और पासवर्ड रीसेट करने के बाद ही लॉगइन करें। किसी भी ऐसी वेबसाइट पर पेमेंट ना करें जिसके यूआरएल में https ना हो। साथ ही किसी अनजान वेबसाइट से ऑफर के चक्कर में कुछ भी ना खरीदें। जिस कार्ड से लेनदेन करते हैं उस बैंक खाते में सीमित पैसा ही रखें।

    और पढ़ें...