बिग बिलियन डेज सेल: कब शुरू होगी फ्लिपकार्ट की महासेल, किन चीजों पर मिलेंगे ऑफर्स? लीक में हुआ डेट का खुलासा
क्या आप भी इस त्योहारी सीजन में नया स्मार्टफोन या कोई इलेक्टॉनिक्स सामान खरीदने की योजना बना रहे हैं? तो आपके लिए खुशखबरी है। एक लीक हुए टीजर से फ्लिपकार्ट की साल की सबसे बड़ी बिग बिलियन डेज सेल 2026 की शुरुआत की संभावित डेट सामने आई है। कब से शुरू हो सकती है यह महासेल, किन्हें अर्ली एक्सेस मिलेगा और कौन से बैंक कार्ड पर दस प्रतिशत तक इंस्टेंट डिस्काउंट मिल सकता है? आइए यहां सबकुछ जानते हैं।

विस्तार
बिग बिलियन डेज सेल का भारतीय ग्राहक लंबे समय से इंतजार करते हैं। कई लोग तो इतने उत्सुक होते हैं कि सेल शुरू होने से पहले ही अपनी पसंद के सामान को कार्ट में जोड़कर रख लेते हैं। अगर आप भी फ्लिपकार्ट की इस बड़ी फेस्टिव सेल का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की यह लोकप्रिय सेल जल्द ही दस्तक दे सकती है। हालांकि, फ्लिपकार्ट ने अभी तक इस इवेंट के आधिकारिक शेड्यूल का एलान नहीं किया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लीक हुए एक स्क्रीनशॉट से सेल की संभावित तारीख और शुरुआती ऑफर्स की जानकारी सामने आई है।
कब से शुरू हो सकती है सेल?
- लीक हुए टीजर के अनुसार, बिग बिलियन डेज 2026 की शुरुआत नौ अक्तूबर से हो सकती है। वहीं, फ्लिपकार्ट प्लस और कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, वीआईपी मेंबर्स को आठ अक्तूबर से ही यानी 24 घंटे पहले ही अर्ली एक्सेस मिल सकता है। इससे मेंबर्स को चुनिंदा डील्स और सीमित स्टॉक वाले ऑफर्स आम ग्राहकों से पहले खरीदने का मौका मिल सकता है।
- हालांकि, अभी इन तारीखों को पक्की नहीं माना जाना चाहिए। फ्लिपकार्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर बिग बिलियन डेज का पेज मौजूद है, लेकिन 2026 की सेल की तारीखों की आधिकारिक घोषणा फिलहाल सामने नहीं आई है।
वायरल जानकारी में सैमसंग गैलेक्सी और इंटेल कोर को बिग बिलियन डेज के टाइटल स्पॉन्सर के तौर पर दिखाया गया है। इसके अलावा एसर, बीयार्डो, टीसीएल और जेबीएल को एसोसिएट स्पान्सर बताया गया है। यानी सेल के दौरान इन ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स पर आपको ऑफर्स मिल सकते हैं। हालांकि, फ्लिपकार्ट की ओर से इन स्पॉन्सरशिप डिटेल्स की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
किन कार्ड्स पर मिलेगा डिस्काउंट?
- वायरल स्क्रीनशॉट में बैंक कार्ड ऑफर की जानकारी भी दिखाई गई है। इसके अनुसार, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के कार्ड से भुगतान करने वाले ग्राहकों को चुनिंदा खरीदारी पर 10 फीसदी तत्काल छूट मिल सकती है। वहीं, फ्लिपकार्ट प्लस सदस्यों के लिए तत्काल कार्ड डिस्काउंट 12 फीसदी तक होने का दावा किया गया है। हालांकि, इन ऑफर्स की नियम व शर्तें और सेल शुरू होने के समय फ्लिपकार्ट ने अभी कन्फर्म नहीं की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह ऑफर किन कार्ड्स पर लागू होगा, न्यूनतम खरीदारी कितनी होगी और डिस्काउंट की अधिकतम सीमा क्या होगी। इन शर्तों की जानकारी फ्लिपकार्ट के आधिकारिक एलान के बाद ही स्पष्ट होगी।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स:स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, होम अप्लायंसेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम भारी डिस्काउंट पर उपलब्ध होंगे।
- ब्रांड डील्स:एपल, सैमसंग, मोटोरोला जैसे प्रीमियम ब्रांड्स के प्रोडक्ट्स पर स्पेशल प्राइस कट और लिमिटेड-टाइम स्टील डील्स मिलने की उम्मीद है।
- अतिरिक्त फायदे:सुपरकॉइन्स के जरिए अतिरिक्त बचत और नो-कॉस्ट ईएमआई जैसे विकल्प भी ग्राहकों को दिए जा सकते हैं।
अगर साल 2025 की बात करें तो फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डेज की शुरुआत 23 सितंबर से ही हुई थी, जबकि प्लस और ब्लेैक मेंबर्स को 22 सितंबर से अर्ली एक्सेस दिया गया था। उस दौरान फ्लिपकार्ट ने एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के साथ मिलकर क्रेडिट कार्ड ट्रांजेक्शन पर 10% इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट भी दिया था। इसके अलावा फ्लिपकार्ट ने अलग-अलग प्रोडक्ट्स पर एक्सचेंज ऑफर, नो-कॉस्ट ईएमआई, सुपरकॉइन्स और अन्य लाभ भी दिए थे।
फ्लिपकार्ट ने क्या कहा?
बिग बिलियन डेज की तारीख को लेकर फ्लिपकार्ट सपोर्ट से भी सवाल पूछा गया था। पांच सितंबर को एक्स पर जवाब देते हुए फ्लिपकार्ट सपोर्ट ने कहा कि सेल की तारीख जल्द घोषित की जाएगी और ग्राहकों को आधिकारिक वेबसाइट या एप पर अपडेट देखने की सलाह दी। इससे साफ है कि फिलहाल 8 और 9 अक्तूबर की तारीख को पक्की नहीं माना जा सकता।
बड़ी खरीदारी की योजना है तो क्या करें?
- अगर आप इस महासेल का लंबे समय से इंतजार कर रहें हैं और आने वाले फेस्टिव सीजन में नया आईफोन, स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी या कोई बड़ा इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बिग बिलियन डेज के दौरान मिलने वाले ऑफर्स पर नजर रख सकते हैं।
- हालांकि, सिर्फ सेल का नाम देखकर खरीदारी करने के बजाय अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमतों की तुलना करना बेहतर साबित हो सकता है। बैंक डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और नो-कॉस्ट ईएमआई जैसी शर्तों को भी ध्यान से देखना जरूरी होगा।
2026 में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्तूबर से होनी है और 20 अक्तूबर को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा। ऐसे में अगर बिग बिलियन डेज 9 अक्तूबर से शुरू होती है, तो सेल त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले दस्तक देगी। फिलहाल 9 अक्तूबर की तारीख को केवल लीक जानकारी के तौर पर देखा जाना चाहिए। ग्राहकों को फ्लिपकार्ट की आधिकारिक वेबसाइट और एप पर आने वाली ऑफिशियल सेल डेट का इंतजार करना बेहतर होगा।
फ्लिपकार्ट ने अभी नहीं की आधिकारिक घोषणा
- फिलहाल लेख में बताई गई नौ अक्तूबर की डेट लीक के तौर पर है। फ्लिपकार्ट ने 2026 बिग बिलियन डेज के पूरे शेड्यूल, बैंक ऑफर्स या डिस्काउंट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए लॉन्च डेट और ऑफर्स में बदलाव संभव है।
- अगर लीक हुई जानकारी सही साबित होती है, तो आठ अक्तूबर से प्लस मेंबर्स को अर्ली एक्सेस और नौ अक्तूबर से सभी ग्राहकों के लिए सेल शुरू हो सकती है। आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही तारीख और ऑफर्स की अंतिम पुष्टि होगी।