सिग्नल पर अब नहीं ले सकेंगे चैट का स्क्रीनशॉट: कंपनी ने लगाई पाबंदी, एआई एजेंट से कैसे बढ़ा प्राइवेसी का खतरा?
- सिग्नल ने स्क्रीनशॉट पर लगाई पाबंदी।
- एआई एजेंट्स से प्राइवेसी को खतरा।
- एंड्रॉयड और आईओएस पर लागू होगा बदलाव।
- स्क्रीनशॉट से संवेदनशील डेटा लीक होने का खतरा।

विस्तार
एआई का इस्तेमाल जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से उसकी प्राइवेसी को लेकर चिंताएं भी बढ़ रही हैं। इसी को देखते हुए मैसेजिंग एप सिग्नल ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने मोबाइल एप पर स्क्रीनशॉट लेने की सुविधा को सीमित करने का फैसला किया है। इसके पीछे वजह एआई एजेंट्स को बताया गया है, जो ऑपरेटिंग सिस्टम के जरिए यूजर की स्क्रीन पर मौजूद जानकारी को पढ़ और कैप्चर कर सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि इससे निजी बातचीत और संवेदनशील जानकारी दूसरे सिस्टम या सर्वर तक पहुंच सकती है। कंपनी की अध्यक्ष मेरेडिथ व्हिटेकर ने इसे सिग्नल की प्राइवेसी व्यवस्था के लिए 'अस्तित्व का खतरा' बताया है। यह बदलाव पहले से विंडोज ऐप में लागू था, लेकिन अब एंड्रॉइड और iOS यूजर्स के लिए भी ऐसी पाबंदी लाई जा रही है।
एआई एजेंट्स से कैसे खतरे में पड़ रही है प्राइवेसी?
- सिग्नल की अध्यक्ष मेरेडिथ व्हिटेकर के अनुसार, आजकल कई ऑपरेटिंग सिस्टम में एजेंटिक एआई को शामिल किया जा रहा है। इन एआई एजेंट्स को यूजर की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी को स्कैन करने और समझने की क्षमता मिल रही है।
- व्हिटेकर ने विंडोज, एंड्रॉइड और मैकओएस या आईओएस जैसे ऑपरेटिंग सिस्टम को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस तरह की सुविधाएं सिग्नल की उस क्षमता को कमजोर कर रही हैं, जिसके जरिए वह यूजर्स की बातचीत की प्राइवेसी की गारंटी देता है।
- उन्होंने कहा कि एआई एजेंट की क्षमताओं के नाम पर यूजर्स का संवेदनशील डेटा कैप्चर और स्टोर किया जा रहा है। यह जानकारी किसी लोकल डेटाबेस या रिमोट सर्वर तक पहुंच सकती है, जिसका इस्तेमाल उस समय ऑपरेटिंग सिस्टम का एआई एजेंट कर रहा हो। इसका मतलब है कि यूजर की निजी चैट या स्क्रीन पर मौजूद दूसरी संवेदनशील जानकारी उसके नियंत्रण से बाहर जा सकती है।
स्क्रीनशॉट से कैसे लीक हो सकता है निजी डेटा?
- सिग्नल की चिंता सिर्फ इतनी नहीं है कि कोई व्यक्ति बातचीत का स्क्रीनशॉट लेकर उसे दूसरे के साथ साझा कर सकता है। यहां पर कंपनी पर मुद्दा ऑपरेटिंग सिस्टम के स्तर पर एआई एजेंट्स की डेटा तक पहुंच को लेकर है।
- व्हिटेकर के मुताबिक, एक बार एआई एजेंट किसी जानकारी को कैप्चर कर लेता है तो वह सिग्नल के नियंत्रण से बाहर हो जाती है। ऐसे में उस बातचीत में शामिल सभी लोगों की प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है।
- उन्होंने इस बारे में कहा कि एआई एजेंट्स के जरिए कैप्चर किया गया डेटा ऐसे लोकल डेटाबेस या रिमोट सर्वर तक पहुंच सकता है, जिनका इस्तेमाल AI सिस्टम कर रहा है। यही वजह है कि सिग्नल अब स्क्रीनशॉट को सीमित करने पर जोर दे रहा है।
किन स्मार्टफोन्स पर लागू होगी स्क्रीनशॉट पाबंदी?
- सिग्नल ने इस खतरे से निपटने के लिए पहले ही अपने विंडोज एप में डिफॉल्ट रूप से स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगा दी थी। अब कंपनी इसी तरह की पाबंदी मोबाइल प्लेटफॉर्म पर भी लागू कर रही है।
- इस बदलाव के बाद एंड्रॉइड और आईओएस यूजर्स के लिए भी स्क्रीनशॉट लेने की सुविधा सीमित रहेगी। इसका मकसद एप के भीतर मौजूद निजी बातचीत को ऑपरेटिंग सिस्टम के स्तर पर होने वाले संभावित डेटा कैप्चर से बचाना है।
- हालांकि, कंपनी ने यूजर्स को इस सेटिंग को बंद करने का विकल्प भी दिया है। यानी अगर कोई यूजर चाहे तो स्क्रीनशॉट से जुड़ी इस पाबंदी को हटा सकता है, लेकिन व्हिटेकर ने साफ किया है कि ऐसा करने पर सिग्नल की प्राइवेसी गारंटी खत्म हो जाएगी।
क्या स्क्रीनशॉट पाबंदी से दूर हो जाएगी समस्या?
नहीं...सिग्नल की अध्यक्ष मेरेडिथ व्हिटेकर ने खुद यह भी माना कि स्क्रीनशॉट पर रोक लगाने से प्राइवेसी से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं मिल सकता है, लेकिन उनका कहना है कि यह एक अधूरा उपाय है। क्योंकि इससे उन दूसरे सीक्रेट तरीकों को नहीं रोका जा सकता, जिनके जरिए AI एजेंट किसी एप्लिकेशन के डेटा तक पहुंच सकते हैं। यानी स्क्रीनशॉट पर पाबंदी लगाने के बावजूद ऑपरेटिंग सिस्टम में मौजूद AI एजेंट्स के जरिए डेटा तक पहुंचने के दूसरे रास्ते बने रह सकते हैं।
एआई के दौर में प्राइवेसी को लेकर बढ़ी चिंता
- सिग्नल का यह फैसला दिखाता है कि एआई एजेंट्स के बढ़ते इस्तेमाल के साथ डिजिटल प्राइवेसी की चुनौतियां भी बदल रही हैं। पहले निजी बातचीत की सुरक्षा का सवाल मुख्य रूप से मैसेजिंग एप तक सीमित रहता था, लेकिन अब ऑपरेटिंग सिस्टम में मौजूद एआई सुविधाएं भी इस चर्चा का हिस्सा बन रही हैं।
- सिग्नल के अनुसार, यूजर की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी तक एआई की पहुंच निजी बातचीत की सुरक्षा को कमजोर कर सकती है। ऐसे में कंपनी ने स्क्रीनशॉट पर पाबंदी लगाने का रास्ता चुना है।