OnePlus के फोन में मौजूद यह एप लीक कर रहा है आपकी ई-मेल आईडी !

यदि आप वनप्लस का स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे होंगे तो मालूम होगा कि कंपनी के फोन में Shot on OnePlus एप प्री-लोलेड मिलता है। अब एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि इस एप के जरिए सैकड़ों यूजर्स की ई-मेल आईडी लीक हो गई है।
दरअसल इस एप की मदद से कोई भी यूजर वालपेपर की जगह खुद की फोटो या फोन से क्लिक की गई फोटो सर्वर पर अपलोड कर सकता हैं। यदि आप इस एप में फोटो अपलोड करते हैं तो वह ग्लोबली सभी यूजर्स के एप में वालपेपर के रूप में उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद दुनिया का कोई भी वनप्लस स्मार्टफोन यूजर उस फोटो का इस्तेमाल वालपेपर के रूप में कर सकेगा।

रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि इस एप में एक बग आया है जिसके कारण सैकड़ों यूजर्स की ई-मेल आईडी यूजर्स द्वारा वालपेपर के लिए अपलोड किए गए फोटोज के साथ लीक हो गई है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले इसी साल मई की शुरुआत में भी इसी तरह की दिक्कत आई थी जिसे कंपनी ने दूर करने के लिए अपडेट जारी किया था लेकिन अब लगता है कि बग पूरी तरह से फिक्स नहीं हुआ था।
वनप्लस के फोन में मौजूद Shot on OnePlus एप में ई-मेल आईडी के जरिए लॉगिन करना होता है। डाटा लीक की जानकारी 9to5Google ने दी है। शॉट ऑन वनप्लस एप की एपीआई को open.oneplus.net. से भी एक्सेस किया जा सकता है। हालांकि इस मामले पर वनप्लस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही इस बग को फिक्स करेगी, हालांकि अभी तक यह भी साफ नहीं है कि यह बग कब से है और कितने महीने से लोगों का डाटा लीक हो रहा है।