छात्रों के लिए गूगल की एआई समरी बंद: लॉस एंजिलिस के स्कूलों ने उठाया कदम, अब कैसे होगी ऑनलाइन पढ़ाई?
अमेरिका के लॉस एंजिलिस स्कूल जिले ने छात्रों के डिवाइस पर गूगल सर्च का 'एआई ओवरव्यू' फीचर अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
स्कूल प्रशासन को चिंता है कि जनरेटिव एआई छात्रों की सीखने की प्रक्रिया और डिजिटल सुरक्षा को प्रभावित कर सकता है।
स्कूलों के इस सख्त कदम के बाद अब अन्य जिले भी गूगल के विकल्प तलाशने लगे हैं।

विस्तार
क्लासरूम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती दखलअंदाजी को लेकर अमेरिका के स्कूल प्रशासन और टेक दिग्गज गूगल के बीच टकराव तेज हो गया है। छात्रों की ऑनलाइन सुरक्षा और सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए लॉस एंजिलिस के स्कूल प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने छात्रों को दिए गए डिवाइस पर गूगल सर्च की लोकप्रिय 'एआई ओवरव्यू' सुविधा को बंद कर दिया है। इतना ही नहीं, देश के कई अन्य स्कूल जिले भी अब गूगल के AI टूल्स को हटाने या इसके विकल्पों पर विचार करने लगे हैं।
पांच लाख छात्रों पर पड़ेगा सीधा असर
लॉस एंजिलिस यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट (LAUSD) ने गूगल सर्च में दिखने वाले एआई समरी फीचर को फिलहाल अस्थायी रूप से ब्लॉक किया है। यह फीचर किसी भी सवाल को सर्च करने पर सीधे उसका निचोड़ स्क्रीन पर दिखा देता है। करीब पांच लाख छात्रों वाले इस विशाल स्कूल जिले का यह निर्णय काफी मायने रखता है, क्योंकि अमेरिकी स्कूलों में पढ़ाई के लिए गूगल के क्रोमबुक लैपटॉप, Google Docs और Google Classroom का बड़े स्तर पर उपयोग होता है।
बिना किसी शोर-शराबे के लागू हुआ फैसला
स्कूल प्रशासन का कहना है कि यह कदम छात्रों के डिजिटल अनुभव को सुरक्षित और उनकी उम्र के हिसाब से उपयुक्त बनाने के लिए उठाया गया है। प्रशासन के मुताबिक, वे थर्ड पार्टी टूल्स और डिजिटल सेफ्टी मानकों की लगातार समीक्षा करते हैं। वहीं, स्क्रीन टाइम कम करने की वकालत करने वाले संगठन 'स्कूल्स बियॉन्ड स्क्रीन्स एलए' की प्रतिनिधि ब्रिडी ली ने बताया कि यह बदलाव बिना किसी औपचारिक घोषणा के किया गया। 13 नवंबर को स्कूल बोर्ड की एआई समिति की बैठक में यह मुद्दा उठने के कुछ ही दिनों बाद छात्रों के डिवाइस से यह फीचर गायब हो गया।
इससे पहले सितंबर में न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस के स्कूल जिलों ने छात्रों के लिए जनरेटिव एआई के इस्तेमाल पर एक साल की रोक लगाई थी। लॉस एंजिलिस में यह पाबंदी सभी कक्षाओं के छात्रों पर लागू है।
गूगल की शर्त ने बढ़ाई स्कूलों की मुश्किल
विवाद की शुरुआत अगस्त में तब हुई, जब गूगल ने गूगल क्लासरूम का उपयोग करने वाले छात्रों के लिए जेमिनी चैटबॉट पेश किया। बढ़ती चिंताओं के बीच नवंबर की शुरुआत में गूगल ने घोषणा की कि वह आने वाले महीनों में K-12 स्कूलों के लिए जेमिनी और सर्च के सभी टूल डिफॉल्ट रूप से बंद रखेगा, जिन्हें स्कूल प्रशासन अपनी जरूरत के मुताबिक चालू कर सकेंगे।
हालांकि, पेच इस बात पर फंसा है कि गूगल ने स्कूलों को एआई फीचर्स बंद रखकर सामान्य गूगल सर्च चलाने का विकल्प नहीं दिया है। गूगल के शिक्षा विभाग के उपाध्यक्ष क्रिस फिलिप्स के अनुसार, सर्च और एआई अब एक-दूसरे से गहराई से जुड़ चुके हैं, ऐसे में यदि स्कूल एआई पर रोक लगाते हैं, तो छात्रों की सामान्य सर्च तक पहुंच भी बंद हो सकती है। इस स्थिति से निपटने के लिए वर्जीनिया के फेयरफैक्स काउंटी पब्लिक स्कूल्स जैसे कुछ जिलों ने खुद के प्लग-इन तैयार किए हैं, जो सर्च से एआई समरी को हटा देते हैं।
गूगल के अपने कर्मचारियों ने भी खोला मोर्चा
स्कूलों के इस विरोध को अब खुद गूगल के भीतर से भी समर्थन मिलने लगा है। कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने शीर्ष नेतृत्व को एक पत्र लिखकर मांग की है कि स्कूलों को सामान्य सर्च सेवा प्रभावित किए बिना एआई सुविधाएं बंद करने की आजादी मिलनी चाहिए। कर्मचारियों का मानना है कि कंपनी को शिक्षकों और अभिभावकों की चिंताओं का सम्मान करना चाहिए।
दूसरी ओर, गूगल का कहना है कि वह छात्रों के सीखने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर है। कंपनी जल्द ही 'गाइडेड लर्निंग' नाम का एक नया टूल लाने की योजना बना रही है, जो छात्रों को सीधे जवाब देने के बजाय कठिन सवालों को स्टेप-बाय-स्टेप हल करना सिखाएगा। हालांकि, लॉस एंजिलिस स्कूल जिले के मुख्य सूचना अधिकारी जैक केलानिक ने साफ कर दिया है कि वे गूगल के उत्पाद इस्तेमाल करने के लिए मजबूर नहीं हैं। यदि कंपनी के बदलाव स्कूलों की प्राथमिकताओं पर खरे नहीं उतरते, तो वे अपना डिफॉल्ट सर्च इंजन बदलने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
- बिल गेट्स की चेतावनी: एआई से अस्पताल, बैंक और पावर ग्रिड पर साइबर हमले का खतरा, ओपन-सोर्स मॉडल से डर क्यों?
- 'संचार साथी' से रुके ₹5,000 करोड़ के फ्रॉड: पीएम मोदी ने बताया कैसे काम करता है एप, खोए फोन को कैसे पाएं वापस?
- जियो का ₹50 वाला नया रिचार्ज प्लान: रात 12 से सुबह 5 बजे तक मिलेगा अनलिमिटेड डेटा, 28 दिन की वैलिडिटी
- टेक टिप्स: सेकेंड हैंड लैपटॉप खरीदने की कर रहे हैं प्लानिंग? डील फाइनल करने से पहले ऐसे चेक करें बैटरी हेल्थ