एपल लीडरशिप: 1 सितंबर से नए सीईओ के पास होगी 4 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी की कमान, जानिए कौन हैं जॉन टर्नस
Apple New CEO:
टिम कुक 1 सितंबर को एपल के सीईओ पद से हट रहे हैं, उनकी जगह जॉन टर्नस लेंगे। 4 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी को एआई के नए युग में ले जाने की अहम जिम्मेदारी अब टर्नस के कंधों पर होगी।

विस्तार
दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शुमार एपल के नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पिछले कई वर्षों से 4 ट्रिलियन डॉलर वाली इस दिग्गज कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले टिम कुक अब सीईओ की कुर्सी छोड़ रहे हैं। 1 सितंबर को उनकी जगह कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जॉन टर्नस ले लेंगे। हालांकि, टेक जगत में पिछले कुछ समय से यह चर्चा जोरों पर थी कि टिम कुक का उत्तराधिकारी कौन होगा, लेकिन अब जॉन टर्नस के नाम पर आधिकारिक मुहर लग चुकी है।
कौन हैं जॉन टर्नस?
यूं तो जॉन टर्नस कंपनी के बड़े आयोजनों और प्रोडक्ट लॉन्च में अक्सर नजर आते हैं, जैसे हाल ही में MacBook Neo के लॉन्च इवेंट में, लेकिन आम जनता उनके बारे में ज्यादा नहीं जानती। टर्नस का सफर साल 2001 में एपल की प्रोडक्ट डिजाइन टीम के एक सदस्य के रूप में शुरू हुआ था। अपनी कड़ी मेहनत और विजन के दम पर वे 2013 में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने और फिर 2021 में उन्हें प्रमोट करके सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की कुर्सी सौंपी गई। टर्नस ने पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी और एपल से जुड़ने से पहले वह वर्चुअल रिसर्च सिस्टम्स में काम कर रहे थे।
परफेक्शन पसंद करते हैं टर्नस
एपल हमेशा से अपने उत्पादों की बारीकियों के लिए जाना जाता है और जॉन टर्नस बिल्कुल इसी सांचे में फिट बैठते हैं। साल 2024 में पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्होंने अपनी परफेक्शन की एक दिलचस्प कहानी साझा की थी। अपने पहले एपल प्रोडक्ट, Apple Cinema Display, पर काम करने के दौरान उनका एक सप्लायर से पेच (स्क्रू) के खांचों को लेकर विवाद हो गया था। सप्लायर 35 खांचे वाला पेच देना चाहता था, लेकिन टर्नस इस बात पर अड़ गए कि उन्हें 25 खांचे वाला ही पेच चाहिए, क्योंकि एपल के डिजाइन में वही तय हुआ था।
टर्नस ने वहां मौजूद छात्रों से कहा था कि उस वक्त उन्हें लगा कि क्या वे पागलपन कर रहे हैं, लेकिन फिर उन्हें एहसास हुआ कि अगर किसी प्रोडक्ट को बनाने में महीनों की मेहनत लगी है, तो उसे अपना सर्वश्रेष्ठ देना ही सही है। उपभोक्ता चाहे इस बारीक अंतर को नोटिस करे या न करे, लेकिन एक टीम के तौर पर यह जानना उनके लिए जरूरी था कि उन्होंने हर छोटी चीज का ध्यान रखा है।
हार्डवेयर के क्षेत्र में टर्नस के बड़े कारनामे
एपल को हाल के वर्षों में मिली कई बड़ी सफलताओं का श्रेय जॉन टर्नस को ही जाता है। Mac सीरीज को आज तक के सबसे लोकप्रिय स्तर पर पहुंचाने, iPhone 17 लाइनअप को पेश करने और AirPods की तकनीक को बेहतर बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। इसके साथ ही, कई डिवाइस में इस्तेमाल होने वाले रीसायकल एल्यूमीनियम कंपाउंड को विकसित करने और Apple Watch Ultra 3 में थ्री-डी प्रिंटेड टाइटेनियम के इस्तेमाल के पीछे भी टर्नस की ही सोच थी।
भविष्य की चुनौतियां और एआई की रेस
जॉन टर्नस ऐसे समय में सीईओ की कमान संभाल रहे हैं जब पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आंधी चल रही है और टेक इंडस्ट्री में भारी उथल-पुथल मची हुई है। एप्पल इस साल जनरेटिव एआई से लैस अपने उन्नत Siri असिस्टेंट का बीटा वर्जन लॉन्च करने वाला है। इसके अलावा, टर्नस के सामने सबसे बड़ी चुनौती iPhone का एक ऐसा भविष्यवादी विकल्प तलाशना है जो बाजार में धूम मचा सके। कई कंपनियां स्मार्ट ग्लासेस जैसे एआई-पावर्ड गैजेट्स पर बड़ा दांव लगा रही हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जॉन टर्नस के नेतृत्व में एपल कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुनिया में अपना दबदबा कैसे बरकरार रखता है।
- कंपेरिजन: क्या ऑनर रोबोट फोन दे पाएगा आईफोन 17 प्रो को टक्कर? इस इनोवेशन के सामने एपल भी खा जाएगी मात
- जियो के मार्केट शेयर में आई गिरावट: एयरटेल को हुआ बड़ा फायदा, ट्राई के नए आंकड़ों में सामने आई तस्वीर
- सैमसंग गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा: मिल सकती है बड़ी बैटरी, कैमरा डिजाइन भी होगा अपडेट; आईफोन जैसा फीचर देगी कंपनी
- 200 एमपी कैमरे के साथ आ रहा है हुआवे नोवा 16एस प्रो: 2 सितंबर को होगा ग्लोबल डेब्यू, जानें क्या कुछ होगा खास