AI Bubble: अरबपति बिजनेसमैन ने एआई को बताया 'बुलबुला', कहा- 'कंपनियां डूबेंगी, लेकिन समाज को मिलेगा फायदा'

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 05 Oct 2025 02:09 PM IST
सार

Jeff Bezos AI Bubble Statement:

अमेजन के चेयरमैन जेफ बेजोस ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारी निवेश फिलहाल एक “इंडस्ट्रियल बुलबुला” जैसा है। हालांकि कई निवेश डूब भी सकते हैं, लेकिन इसके नतीजे समाज के लिए लंबे समय में बेहद फायदेमंद होंगे।

jeff bezos ai bubble statement industrial investment benefits
Jeff Bezos - फोटो : एएनआई

    विस्तार

    अमेजन के चेयरमैन जेफ बेजोस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में हो रहे निवेश को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल AI को लेकर जो जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, वह एक "बुलबुले" जैसा है। यानी इस समय अच्छे और बुरे दोनों तरह के विचारों पर पैसा लगाया जा रहा है।

    बेजोस ने कहा, “जब लोग किसी तकनीक को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित हो जाते हैं, जैसे आज AI को लेकर हैं, तो हर आइडिया को फंड मिल जाता है। चाहे वो अच्छा हो या बुरा।” उन्होंने बताया कि कई कंपनियों को अरबों डॉलर की फंडिंग सिर्फ उत्साह के कारण मिल रही है, जबकि उनका कोई तैयार प्रोडक्ट तक नहीं है।

    समाज में बढ़ेगी एआई की समझ

    हालांकि, बेजोस मानते हैं कि AI हर उद्योग को बदल देगा और दुनिया की हर कंपनी की उत्पादकता बढ़ाएगा। उन्होंने इसे 1990 के दशक के बायोटेक बुलबुले जैसा बताया, जहां कई कंपनियां बंद हो गईं, निवेशकों को नुकसान हुआ, लेकिन अंत में कुछ जीवनरक्षक दवाएं भी बनीं। उन्होंने 25 साल पहले आए डॉट-कॉम बुलबुले की भी याद दिलाई, जिसने इंटरनेट इंडस्ट्री को नई दिशा दी।

    AI
    AI - फोटो : Freepik

    फिलहाल AI से जुड़ी कंपनियों को, डेटा सेंटर से लेकर चिप मेकिंग और एप्लिकेशन डेवलपमेंट तक, रिकॉर्ड स्तर की फंडिंग मिल रही है। यहां तक कि ‘नियोक्लाउड’ जैसी कंपनियां, जो बड़े टेक ब्रांड्स को कंप्यूटिंग पावर और स्पेशल चिप्स उपलब्ध कराती हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने से पहले ही अरबों की फंडिंग पा रही हैं।

    एआई कंपनियों का वैल्यूएशन कई गुना बढ़ा

    AI को लेकर बढ़े इस जोश ने कई कंपनियों के वैल्यूएशन को आसमान पर पहुंचा दिया है। ब्लैकरॉक की एक यूनिट करीब 40 अरब डॉलर में एलाइंड डेटा सेंटर खरीदने की योजना बना रही है। वहीं, ChatGPT की पैरेंट कंपनी ओपनएआई अब 500 अरब डॉलर वैल्यूएशन वाली दुनिया की सबसे मूल्यवान प्राइवेट कंपनी बन गई है।

    कई निवेशक इस अत्यधिक निवेश को लेकर चेतावनी भी दे रहे हैं। GIC के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर ने कहा कि शुरुआती एआई स्टार्टअप्स में निवेश को लेकर हाइप बनया जा रहा है।

    फिर भी, बेजोस ने सलाह दी कि निवेशकों को लंबी अवधि की सोच रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब ये बुलबुला फूटेगा और असली विजेता सामने आएंगे, तो समाज को उन इनोवेशन्स का फायदा मिलेगा। AI के फायदे समाज के लिए बेहद बड़े होंगे।”