कल से दिल्ली में शुरू होगा टेक्नोलॉजी का महाकुंभ इंडिया मोबाइल कांग्रेस, 5G पर रहेगा फोकस

गुरुवार यानि 25 अक्टूबर से नई दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2018) की शुरुआत हो रही है जो 27 अक्टूबर तक चलेगी। इंडिया मोबाइल कांग्रेस का नई दिल्ली में यह दूसरा संस्करण है। दो दिनों तक चलने वाले टेक्नोलॉजी के महाकुंभ में 5 जी और इंटरनेट ऑफ थिंग्स पर विस्तार से चर्चा होगी। इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, क्लाउड कम्प्युटिंग और सॉफ्टवेयर से जुड़ी कई तकनीक देखने को मिलेंगी।
इस शो में तकनीकी जगत की कई मशहूर हस्तियां शिरकत करेंगी। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018 का थीम न्यू डिजिटल होराइजंस: क्नेक्ट, क्रिएट और इनोवेट है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2018 का आयोजन डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिकेशन (DoT) और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) के द्वारा किया जा रहा है।
इस आयोजन में सैमसंग और एयरटेल अपना 5जी बूथ भी लगाएंगे और 5जी व कनेक्टेड इकोसिस्टम का डेमो दिखाएंगे। सैमसंग के 5जी बूथ पर आपको 5G FWA, 5G होम, 5G स्टेडियम, 5G सिटी, 5G फर्म और 5G कियोस्क देखने को मिलेंगे।
वहीं इस शो में ड्राइवरलेस कार का भी डेमो देखने को मिलेगा। कनेक्टेड कार के अलावा एयरटेल 5G होलोग्राम और कनेक्टेड होम का भी प्रदर्शन करेगा। सैमसंग एयरटेल के अलावा चीन की कंपनी हुवावे भी 5जी, स्मार्टहोम और इंटरनेट ऑफ थिंग्स का प्रदर्शन करेगी।
आईएमसी 2018 में Detel स्मार्ट टीवी लांच करेगी। कंपनी ने अपने स्मार्ट टीवी का स्लोगन बनेगा इंडिया स्मार्ट रखा है। डीटेल के स्मार्ट टीवी की शुरुआती कीमत 19,999 रुपये होगी।