10 साल का हुआ गूगल प्ले-स्टोर: 2012 में हुई थी लॉन्चिंग, पढ़ें भारत में इसका सफरनामा
भारतीय एप और गेम को दुनियाभर में पसंद किया जा रहा है। पिछले दो साल में ही इन एप की लोकप्रियता में 150 फीसदी की बढ़ोत्तरी भी देखी गई है। साथ ही हिंदी और स्थानीय भाषा वाले एप भी काफी पसंद किए जा रहे हैं।

विस्तार
गूगल के Google Play Store को दस साल पूरे हो गए हैं। गूगल ने इस इकोसिस्टम को पहली बार 2012 में दुनिया के सामने पेश किया था। इसके बाद से ही यह इतना लोकप्रिय हुआ कि अब गूगल प्ले स्टोर के एप, गेम और डिजिटल कंटेंट का इस्तेमाल 190 देशों के 2.5 बिलियन यानी 250 करोड़ लोग हर महीने करते हैं। इस मौके पर मंगलवार गूगल ने कहा कि कंपनी स्थानीय अवसरों और चुनौतियों के लिए भारत में लगातार इन्वेस्टमेंट को जारी रखने वाली है ताकि हम गूगल प्ले स्टोर पर अच्छे और जरूरी एप लगातार बनाते रहें।
भारत में गूगल प्ले स्टोर के 10 साल

- साल 2012 में गूगल ने गूगल प्ले स्टोर को भारत के साथ ग्लोबली लॉन्च किया।
- इसके बाद साल 2017 गूगल ने यूजर्स की सुरक्षा के लिए गूगल प्ले प्रोटेक्ट को पेश किया।
- साल 2018 में ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म को बढ़ाने के लिए गूगल ने Google Play Academy लॉन्च किया।
- इसी साल गूगल ने गेमिंग स्टार्टअप को सपोर्ट करने के लिए indie Games Accelerator को लॉन्च किया।
- साल 2019 में ऑनलाइन पैमेंट को बढ़ावा देने के लिए UPI को शामिल किया गया।
- साल 2020 में डेवलपर के बिजनेस को बढ़ाने के लिए Google Play Console को लॉन्च किया गया।
- साल 2021-22 में गूगल ने Appscale Academy को पेश किया।
- 2022 में गूगल ने भारत में प्ले पास और ऑफर को लॉन्च किया।
- इसी साल गूगल में यूजर्स की सुरक्षा और एप के डाटा कंज्यूम को जानने के लिए Data Safety Section को लॉन्च किया।
इस मौके पर गूगल इंडिया प्ले पार्टनरशिप के डायरेक्टर आदित्य स्वामी ने कहा कि भारतीय एप और गेम को दुनियाभर में पसंद किया जा रहा है। पिछले दो साल में ही इन एप की लोकप्रियता में 150 फीसदी की बढ़ोत्तरी भी देखी गई है। भारत में एजुकेशन, पैमेंट, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, और गेमिंग के मामले में लोकप्रियता देखने को मिल रही है। भारत में हेल्थ संबंधी एप भी पसंद किए जा रहे हैं। साथ ही हिंदी और स्थानीय भाषा वाले एप भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। भारतीय एप और गेम में सक्रिय मासिक उपयोगकर्ताओं में 200 फीसदी की वृद्धि भी देखी गई है। हम भारत में इन अवसरों और चुनौतियों के लिए लगातार इन्वेस्टमेंट करते रहेंगे ताकि हम गूगल प्ले स्टोर पर अच्छे और जरूरी एप लगातार बनाते रहें।