गूगल पिक्सल 2, iPhone 8 और गैलेक्सी नोट 8: कौन सा फोन किस मामले में है नंबर 1

गूगल ने आखिरकार एक लंबे इंतजार और तमाम लीक्स के बाद अपने दो फ्लैगशिप स्मार्टफोन पिक्सल 2 और पिक्सल 2 एक्सएल को लॉन्च कर दिया है। इन दोनों फोन का मुकाबला सैमसंग गैलेक्सी नोट 8, आईफोन 8, आईफोन 8 प्लस, गैलेक्सी एस8 और गैलेक्सी एस8 प्लस से होगी। तो आइए देखते हैं कि गूगल पिक्सल 2, किन-किन मामलों में आईफोन 8 और सैमसंग गैलेक्सी नोट 8 से अलग है और इनमें से कौन सा फोन खरीदना फायदे का सौदा होगा?
गूगल पिक्सल 2 VS आईफोन 8 VS Note 8- डिस्प्ले

सबसे पहले गूगल पिक्सल और आईफोन 8 की तुलना करते हैं। तो पिक्सल 2 में आपको जहां 5 इंच की OLED डिस्प्ले है, वहीं आईफोन 8 में 4.7 इंच की OLED डिस्प्ले है। Pixel 2 का स्क्रीन रिजॉल्यूशन जहां 441 पिक्सल प्रति इंच है, वहीं आईफोन 8 का 326 पिक्सल प्रति इंच है। यहां यह कह सकते हैं कि आईफोन डिस्प्ले के मामले में बेहतर है।
आईफोन 8 में आपको वायरलेस चार्जिंग मिल रही है, लेकिन पिक्सल 2 में नहीं। हालांकि आईफोन के लिए आपको अलग से वायरलेस चार्जर खरीदना पड़ेगा। पिक्सल फोन की डिस्प्ले में एक खासियत है कि नोटिफिकेशन, टाइम जैसी चीजों को देखने के लिए आपको फोन को टैप करने की जरूरत नहीं है। वहीं सैमसंग नोट 8 में 6.3 इंच की सुपर AMOLED डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1334x750 है।
गूगल पिक्सल 2 VS आईफोन 8 VS Note 8- कैमरा

पिक्सल फोन का कैमरा आईफोन 8 से बेहतर बताया जा रहा है। इसमें 12.2 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है, वहीं आईफोन 8 में 12 मेगापिक्सल का कैमरा है। पिक्सल में हाईक्वालिटी का 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है, जबकि आईफोन 8 मे 7 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। पिक्सल के कैमरे में ऑगमेंटेड रिएलिटी फीचर सपोर्ट भी है जिसमें AR स्टिकर भी शामिल है। इसकी मदद से 3D कैरेक्टर्स और इमोजी को फोटो और वीडियो में जोड़ा जा सकता है।
पिक्सल के कैमरे में डुअल पिक्सल सेंसर यानी डुअल कैमरा का मजा सिंगल कैमरे में मिलेगा। गूगल ने पिक्सल के कैमरे को लेकर दावा किया है कि इससे कैप्चर किए गए फोटो और वीडियो ब्लर फ्री होंगे। इसके अलावा पिक्सल के कैमरे में गूगल लेंस है जिसकी मदद से किसी भी सब्जेक्ट पर कैमरा फोकस करते ही सब्जेक्ट की पूरी जानकारियां आपको मिल जाएगी। DxO के कैमरा टेस्ट में पिक्सल को दुनिया के किसी भी स्मार्टफोन कैमरे से ज्यादा रेटिंग मिली है। सैमसंग गैलेक्सी नोट 8 में 12 मेगापिक्सल का डुअल लेंस कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। नोट 8 में भी आपको वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा।
गूगल पिक्सल 2 VS आईफोन 8 VS Note 8 - रैम, स्टोरेज और प्रोसेसर

पिक्सल 2 में 4 रैम के साथ 64 और 128 जीबी स्टोरेज मिलेगी। वहीं आईफोन 8 में 3 जीबी रैम के साथ 64 जीबी और 256 जीबी की स्टोरेज और सैमसंग गैलेक्सी नोट 8 में 6 जीबी रैम के साथ 64/128/256GB की स्टोरेज मिलेगी। पिक्सल 2 और नोट 8 में क्वॉलकॉम का लेटेस्ट प्रोसेसर 835 है, वहीं आईफोन 8 में लेटेस्ट बायोनिक चिप A11 है।
गूगल पिक्सल 2 VS आईफोन 8 VS Note 8- कीमत

Google Pixel 2 के 64 जीबी वेरियंट की कीमत 61,000 रुपये, 128GB वेरियंट की कीमत 70,000 रुपये होगी। वहीं आईफोन 8 के 64 जीबी वेरियंट की कीमत 64,000 रुपये और 256 जीबी वेरियंट की कीमत 77,000 रुपये है। पिक्सल 2 की भारत में प्री-बुकिंग 26 अक्टूबर से शुरू होगी और बिक्री 1 नवंबर से होगी, वहीं आईफोन 8 की बिक्री भारत में 29 सितंबर से ऑनलाइन और ऑफलाइन हो रही है।