एपल की कंपनी क्लैरिस का एप मैक को बनाएगा प्राइवेट AI सर्वर: कैसे काम करेगी तकनीक? और कौन से विकल्प हैं मौजूद
- एपल की कंपनी क्लैरिस हार्बर नाम के एप की टेस्टिंग कर रही है।
- यह एप Mac को दफ्तर का अपना प्राइवेट AI सर्वर बना सकेगा।
- कंपनी का दावा है कि डेटा दफ्तर की मशीन से बाहर नहीं जाएगा।
- ये काम कैसे करेगा और इसके अलावा और कौन से विकल्प मौजूद हैं आइए जानते हैं।

विस्तार
Apple की कंपनी क्लैरिस, जो फाइलमेकर सॉफ्टवेयर बनाती है हार्बर नाम के एप की टेस्टिंग कर रही है। इसका मकसद है कि AI मॉडल किसी बाहरी क्लाउड पर नहीं, बल्कि आपके दफ्तर के ही Mac पर चले। फिलहाल यह प्राइवेट प्रीव्यू में है और आम लोगों के लिए नहीं आया है। यहां 'सर्वर' का मतलब ऐसे Mac से है, जिस पर कोई AI मॉडल चलता है और जो बाकी ऐप या कर्मचारियों के सवालों के जवाब देता है। क्लैरिस का दावा है कि इससे फाइलें और सवाल दफ्तर की मशीन पर ही रहेंगे और क्लाउड इस्तेमाल का कोई शुल्क नहीं लगेगा।
फिलहाल यह एप 'प्राइवेट प्रीव्यू' स्टेज में है, जिसका सीधा मतलब है कि इसे अभी आम जनता के लिए जारी नहीं किया गया है। आसान शब्दों में समझें तो Harbor एक ऐसा सॉफ्टवेयर है जो आपके Mac को एक 'प्राइवेट AI सर्वर' में तब्दील कर देता है। यह सर्वर दफ्तर के अन्य कंप्यूटरों और कर्मचारियों के एप्स के सवालों के जवाब स्थानीय रूप से प्रोसेस करता है।
यह कैसे काम करेगा?
मान लीजिए आपके दफ्तर में एक Mac रखा है। Harbor एप की मदद से उस पर कोई ओपन-वेट AI मॉडल आसानी से डाउनलोड और सेट कर दिया जाता है। अब यदि कोई अकाउंटेंट अपने लैपटॉप से सवाल पूछता है 'इस महीने के सभी बिलों और खर्चों का सार बताओ' तो इसका जवाब कहीं बाहर क्लाउड पर जाने के बजाय दफ्तर के उसी Mac से प्रोसेस होकर आएगा। यानी की आपका डेटा किसी दूसरे या बड़े सर्वर पर प्रोसेस नहीं होगा। Claris का दावा है कि इस तरीके से-
- आपकी कोई भी निजी फाइल या डेटा दफ्तर के बाहर लीक नहीं होगा।
- आपको किसी भी क्लाउड सर्विस की फीस या पर-टोकन बिलिंग नहीं देनी होगी।
- लीक हुई जानकारियों के अनुसार यह ऐप खुद ही नेटवर्क पर कंपैटिबल Mac की पहचान कर लेगा और बिना किसी टेक्निकल कमांड के AI मॉडल को ब्राउज, डाउनलोड और लोड करा देगा।
कई Mac को जोड़ने की टेक्नोलॉजी
बड़े और एडवांस AI मॉडल्स को चलाने के लिए बहुत ज्यादा मेमोरी की जरूरत होती है, जो किसी एक Mac में कम पड़ सकती है। Harbor इस समस्या का एक अनूठा हल लेकर आया है और वो है कई Mac को आपस में जोड़ना। थंडरबोल्ट 5 केबल के जरिए दो या उससे ज्यादा Mac को एक साथ जोड़ा जा सकेगा, जिससे उनकी मेमोरी आपस में मिल जाएगी और काम बट जाएगा।
उदाहरण के लिए- जब एक छोटी मेज पर बहुत सारे कागजात नहीं समाते, तो आप दो मेजों को आपस में सटा लेते हैं। हालांकि, कागजों को एक मेज से दूसरी मेज पर खिसकाने में थोड़ा वक्त लगता है। ठीक वैसे ही मेमोरी तो बढ़ जाएगी, लेकिन जवाब देने की रफ्तार इस बात पर निर्भर करेगी कि सॉफ्टवेयर काम को कितनी कुशलता से बांटता है। Claris ने अभी इसकी स्पीड को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़े शेयर नहीं किए हैं।
बाजार की चुनौतियां और अनसुलझे सवाल
बाजार में पहले से ही ऐसे कुछ विकल्प मौजूद हैं। जैसे exo नाम का एक फ्री और ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म कई Mac को क्लस्टर में जोड़ता है, जबकि LM Studio यूजर्स को एक आसान डेस्कटॉप इंटरफेस के साथ लोकल सर्वर की सुविधा देता है। ऐसे में Harbor की असली परीक्षा इसकी सरलता और दैनिक उपयोग में आसानी पर होगी।
कई मुख्य बातें अभी तक स्पष्ट नहीं हैं
इसके पब्लिक लॉन्च की तारीख, कीमत और डिवाइस कंपैटिबिलिटी लिस्ट का खुलासा नहीं हुआ है।
Apple के RDMA यानी रिमोट डायरेक्ट मेमोरी एक्सेस सेटअप में आज भी टर्मिनल का उपयोग होता है, जिसे Harbor कैसे आसान बनाएगा, यह देखना बाकी है।
हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं में यह कितना सटीक काम करेगा, इस पर कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।
लोकल AI पूरी तरह मुफ्त नहीं
यह समझना जरूरी है कि लोकल AI सेटअप पूरी तरह खर्च-मुक्त नहीं होता। भले ही आपको क्लाउड सब्सक्रिप्शन का बिल न देना पड़े, लेकिन हार्डवेयर खरीदने, बिजली की खपत और मेंटेनेंस का खर्च बना रहता है। भारत में Apple के Mac Studio की शुरुआती कीमत 2,79,900 रुपये है। यानी यदि आप सिर्फ दो यूनिट का क्लस्टर भी बनाते हैं, तो बुनियादी हार्डवेयर लागत ही 5,59,800 तक पहुंच जाएगी।
कुल मिलाकर Claris का Harbor छोटे व्यवसायों और गोपनीयता को प्राथमिकता देने वाली टीमों के लिए एक बहुत ही आकर्षक विचार हो सकता है। हालांकि जब तक इसका फाइनल वर्जन बाहर नहीं आता और कई उपयोगकर्ताओं द्वारा इसका फिजीकली टेस्ट नहीं कर लिया जाता, तब तक इसके रियल परफोर्मेंस के बारे में निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता।