Tim Cook: एपल CEO टिम कुक ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, ट्वीट कर जताई खुशी, शेयर की फोटो
बता दें कि एपल सीईओ भारत में एपल के पहले स्टोर की लॉन्चिंग के लिए भारत आए हैं। उन्होंने 18 अप्रैल को मुंबई में एपल स्टोर का शुभारंभ किया।

विस्तार
आईफोन निर्माता एपल के सीईओ टिम कुक ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। टिम कुक ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गर्मजोशी से स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद। हम भारत भर में बढ़ने और निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बता दें कि एपल सीईओ भारत में एपल के पहले स्टोर की लॉन्चिंग को लेकर भारत आए हैं। उन्होंने 18 अप्रैल को मुंबई में एपल स्टोर का शुभारंभ किया है।
टिम में ट्विटर पर जताई खुशी
एपल सीईओ टिम कुक ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद ट्विटर पर खुशी जाहिर की है। टिम ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और एक फोटो भी शेयर किया है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी हाथ मिलाकर गर्मजोशी से उनका स्वागत कर रहे हैं।
कुक ने अपने ट्वीट में लिखा," गर्मजोशी से स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद। हम भारत के भविष्य पर सकारात्मक प्रभाव पूर्ण टेक्नोलॉजी के आपके विजन को साझा कर सकते हैं। शिक्षा और डेवलपर्स से लेकर मैन्युफैक्चरिंग और पर्यावरण तक, हम देश भर में बढ़ने और निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
टिम ने पहले दिन मुंबई में खाया वड़ा पाव
एपल के सीईओ टिम कुक एपल स्टोर की लॉन्चिंग के एक दिन पहले ही भारत आ गए थे। अपनी यात्रा के पहले दिन वे मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया पहुंचे। साथ ही उन्होंने मुंबई का फेमस स्ट्रीट फूड वड़ा पाव भी खाया।
यह वड़ा पाव उन्होंने बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ खाया। उन्होंने अपने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर फोटो भी शेयर किया था। फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'वड़ा पाव से बेहतर स्वागत मुंबई में नहीं हो सकता।
भारत में होंगे दो एपल स्टोर
एपल 25 साल बाद भारत में अपना पहला स्टोर खोल रहा है। कल यानी 18 अप्रैल को एपल सीईओ टिम कुक ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में भारत के पहले एपल स्टोर का उद्घाटन किया। अब 20 अप्रैल को दिल्ली के साकेत में एक और एपल स्टोर होगा।
- Spotify DOWN: दुनियाभर में स्पॉटिफाई की सेवाएं ठप, लाखों लोगों को एप ओपन करने में आ रहीं दिक्कतें
- Pixel Fold: गूगल जल्द लॉन्च कर सकता है फोल्डिंग वाला पिक्सल फोन, फीचर्स और कीमत की जानकारी आई सामने
- 11 इंच डिस्प्ले और Dolby विजन के साथ लॉन्च हुए Xiaomi Pad 6 और Pad 6 Pro, इसमें है 512GB स्टोरेज और डुअल कैमरा