Airbnb लाएगी अपना AI ट्रैवल एजेंट: 2027 की पहली छमाही में होगा लॉन्च, जानें कैसे चैटबॉट से है अलग?
- एयरबीएनबी का अपना AI ट्रैवल ला रही है।
- ये एजेंट बुकिंग के बाद भी साथ रहेगा।
- ट्रैवल बुकिंग के दौरान क्या क्या हेल्प करेगा ये एजेंट?
- आइए जानतें हैं कैसे चैटबॉट से है बिल्कुल अलग।

विस्तार
घूमने-फिरने की बुकिंग वाली कंपनी एयरबीएनबी ने अपने AI ट्रैवल एजेंट के लॉन्च का वक्त तय कर दिया है। गुरुवार को तीसरी तिमाही के शेयरहोल्डर लेटर में कंपनी ने बताया कि यह एजेंट 2027 की पहली छमाही में आएगा। इससे पहले कंपनी सिर्फ इतना कहती थी कि एजेंट अगले एक साल के अंदर आ जाएगा।
चैटबॉट क्यों नहीं?
सीईओ ब्रायन चेस्की का मानना है कि सैर-सपाटे की प्लानिंग रेस्टोरेंट में टेबल बुक करने जैसा काम नहीं है। उनके मुताबिक लोग ट्रिप की तैयारी का मजा लेते हैं, यानी फोटो देखना, घरों की तुलना करना और साथ जाने वालों से सलाह करना। उन्होंने बताया कि करीब 80 फीसदी यात्री कहते हैं कि उन्हें ट्रिप की रिसर्च करना पसंद है। अगर कोई एजेंट यह सब हटा दे, तो वह लोगों से उनकी पसंदीदा चीज छीन लेगा। इसी वजह से एयरबीएनबी हर सवाल पर सिर्फ लिखा हुआ जवाब नहीं देगी। हर रिक्वेस्ट के हिसाब से नक्शे, तस्वीरें, तुलना, कैलेंडर और यात्रा कार्यक्रम वाला अलग ट्रैवल इंटरफेस तैयार होगा।
बुकिंग के बाद भी काम आएगा
कंपनी के मुताबिक यह एजेंट सिर्फ बुकिंग तक सीमित नहीं रहेगा। सफर के दौरान रिजर्वेशन बदलना, पेमेंट की दिक्कत सुलझाना, रिफंड और दोबारा बुकिंग जैसे काम भी यही संभालेगा। इसके अलावा 24 घंटे सेफ्टी सपोर्ट की बात भी कही गई है। एयरबीएनबी का तर्क है कि ये काम बाहर का कोई एजेंट आसानी से नहीं कर सकता। आगे चलकर यह सिर्फ घर और होटल नहीं, बल्कि सर्विसेज और एक्सपीरियंस को भी कवर करेगा।
कमाई में दमदार उछाल
तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19 फीसदी बढ़कर 4.87 अरब डॉलर रहा, जो विश्लेषकों के अनुमान से ज्यादा है। कुल बुकिंग वैल्यू 27.7 अरब डॉलर रही, यानी 21 फीसदी की बढ़त। नेट इनकम 1.9 अरब डॉलर रही। कंपनी ने 2026 के लिए रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान भी बढ़ा दिया है, जो अब मिड-टीन्स से बढ़कर हाई-टीन्स में है। चेस्की ने कहा कि कंपनी 'ग्रोथ मोड' में लौट आई है और यह तीन साल से ज्यादा में सबसे तेज रेवेन्यू ग्रोथ है। कंपनी ने 12 अरब डॉलर तक के और शेयर वापस खरीदने की मंजूरी भी दी है। चौथी तिमाही में रेवेन्यू 3.22 से 3.28 अरब डॉलर रहने का अनुमान है।
AI से कैसे घटा खर्च?
एयरबीएनबी AI का इस्तेमाल लागत घटाने में भी कर रही है। तीसरी तिमाही में करीब 40 फीसदी कस्टमर सपोर्ट मामले बिना किसी इंसान के AI ने सुलझाए हैं। हर बुकिंग सपोर्ट खर्च सालाना आधार पर 17 फीसदी से ज्यादा घटा है। AI असिस्टेंट 50 से ज्यादा दा भाषाओं में उपलब्ध है और अमेरिका में जल्द वॉइस सपोर्ट भी मिलेगा। इसी तिमाही में कंपनी ने 50 से ज्यादा प्रोडक्ट और फीचर उतारे, जो एक साल पहले के मुकाबले करीब 70 फीसदी ज्यादा हैं।
गेस्ट और होस्ट के लिए नए AI फीचर
- AI सर्च:गेस्ट अपनी बोली या आवाज में बताकर घर, एक्सपीरियंस और सर्विसेज खोज सकेंगे।
- AI फिल्टर:जैसे 'बेबी' सर्च करने पर पालना, प्लेग्राउंड और बच्चों के खिलौने जैसे फिल्टर सुझाए जाएंगे।
- AI तुलना:विशलिस्ट के घरों के बीच फर्क AI समरी के जरिए आमने-सामने दिखेगा।
- होस्ट के लिए टूल:3D फ्लोर प्लान, दाम का सुझाव और कमाई का AI-लिखित विश्लेषण मिलेगा।
और क्या-क्या बदला?
कंपनी ने कुछ गैर-AI बदलाव भी बताए हैं। पेरिस से शुरू हुए नेबरहुड पेज में इलाके के बारे में गेस्ट और होस्ट की जानकारी एक जगह मिलेगी। होस्ट के लिए नया मल्टी-लिस्टिंग कैलेंडर आया है, जिसमें सभी प्रॉपर्टी की बुकिंग एक साथ दिखती है। 30 सितंबर को मील डिलीवरी, लॉन्ड्री और बेबी गियर जैसी सर्विसेज शुरू हुईं। 22 अक्टूबर को अमेरिकन एक्सप्रेस के साथ साझेदारी हुई, जिससे 10 लाख से ज्यादा लिस्टिंग Amex Travel पर बुक हो सकेंगी।