Meta Threads: इंस्टाग्राम थ्रेड्स में आने वाला है एक्स का यह प्रीमियम फीचर, आम यूजर्स को मिलेगा एकदम फ्री!
एक्स पोस्टिंग के एक घंटे के भीतर पोस्ट एडिट करने की अनुमति देता है, लेकिन यह सुविधा केवल एक्स प्रीमियम मेंबर्स को ही मिलती है। इसके विपरीत, मेटा थ्रेड्स सभी यूजर्स के लिए निःशुल्क इस एडिट पोस्ट सुविधा को पेश कर सकता है।

विस्तार
इंस्टेंट ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स की तर्ज पर अब इंस्टाग्राम थ्रेड्स पर भी पोस्ट एडिट करने की सुविधा आने वाली है। कंपनी जल्द पोस्ट एडिट फीचर्स को पेश कर सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पोस्ट को पब्लिश करने के 5 मिनट के भीतर एडिट करने का विकल्प पेश कर सकता है।
बता दें कि एक्स पोस्टिंग के एक घंटे के भीतर पोस्ट एडिट करने की अनुमति देता है, लेकिन यह सुविधा केवल एक्स प्रीमियम मेंबर्स को ही मिलती है। जिसमें ब्लू चेकमार्क वाले यूजर्स शामिल हैं। इसके विपरीत, मेटा थ्रेड्स सभी यूजर्स के लिए निःशुल्क इस एडिट पोस्ट सुविधा को पेश कर सकता है।
यह फीचर फिलहाल डेवलपिंग मोड में है और इसका पता डेवलप एलेसेंड्रो पलुजी द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट से चलता है। उन्होंने कहा कि यूजर्स के पास पोस्ट पब्लिक करने के बाद अपने पोस्ट को एडिट करने के लिए 5 मिनट की विंडो होगी। यानी यूजर्स पोस्ट करने के 5 मिनट के भीतर ही पोस्ट में बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद पोस्ट को एडिट नहीं किया जा सकेगा।