करते हैं Truecaller का इस्तेमाल तो हो जाएं सावधान, एप में आया बग कर सकता है आपका अकाउंट खाली

अगर आप Truecaller एप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। मोबाइल कॉलर्स की पहचान बताने वाले एप Truecaller में एक खतरनाक बग आ गया है। इस बग के चलते यूपीआई पेमेंट के लिए अपने-आप रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। कई यूजर्स ने इसकी शिकायत की है। यूजर्स का कहना है कि Truecaller की ओर से यूजर्स को आईसीआईसीआई बैंक का एक मैसेज भेजा जा रहा है, जो यूपीआई रजिस्ट्रेशन के लिए है।
वहीं हैरान करने वाली बात यह है कि यह मैसेज उन लोगों को भी ट्रूकॉलर की ओर से भेजा रहा है, जिनका आईसीआईसीआई बैंक में खाता तक नहीं है। कई यूजर्स का कहना है कि उनकी इजाजत के बिना ही बैंक में उनका यूपीआई रजिस्ट्रेशन लिया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक जिन Truecaller यूजर्स का ICICI बैंक में खाता है, उनका रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गया है। वहीं जिनका खाता इस बैंक में नहीं है, उनका रजिस्ट्रेशन होल्ड पर है। यूजर्स ने इस बात की भी शिकायत की है कि कहीं उनके खाते से पैसे गायब ना हो जाएं।
वहीं Truecaller ने भी अपने बयान में माना है कि यह सब एक बग के कारण हो रहा है और बग वाले इस एप के वर्जन को प्ले-स्टोर और एप स्टोर से हटा लिया गया है। कंपनी बग की जांच कर रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि यूजर्स एप के मीनू बार में जाकर रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर सकते हैं। बता दें कि Truecaller ने साल 2017 में यूपीआई पेमेंट के लिए ICICI बैंक के साथ साझेदारी की थी।