Telegram: टेलीग्राम में एक साथ आए कई सारे फीचर्स, बदल जाएगा इस्तेमाल का अंदाज
अब Telegram स्टोरीज के माध्यम से भी अपने कलेक्टिबल गिफ्ट्स साझा कर सकते हैं। यह इस साल का दूसरा बड़ा अपडेट है, इससे पहले 1 जनवरी को हुए अपडेट में इन-एप QR कोड स्कैनर, सर्विस मैसेज रिएक्शंस, फोल्डर नामों में इमोजी, एडवांस सर्च फिल्टर्स और कई अन्य फीचर्स जोड़े गए थे।

विस्तार
Telegram ने गुरुवार को घोषणा की कि वह छह नए फीचर पेश कर रहा है, जो गिफ्टिंग अनुभव को और बेहतर बना सकते हैं। इन अपडेट्स के तहत उपयोगकर्ता अब कलेक्टिबल गिफ्ट्स (Collectible Gifts) को इमोजी स्टैच्यूज (Emoji Statues) के रूप में प्रदर्शित कर सकते हैं, उन्हें ब्लॉकचेन पर ट्रांसफर कर सकते हैं और यहां तक कि उनकी नीलामी भी कर सकते हैं। इसके अलावा उपयोगकर्ता अब Telegram स्टोरीज के माध्यम से भी अपने कलेक्टिबल गिफ्ट्स साझा कर सकते हैं। यह इस साल का दूसरा बड़ा अपडेट है, इससे पहले 1 जनवरी को हुए अपडेट में इन-एप QR कोड स्कैनर, सर्विस मैसेज रिएक्शंस, फोल्डर नामों में इमोजी, एडवांस सर्च फिल्टर्स और कई अन्य फीचर्स जोड़े गए थे।
Telegram के नए फीचर्स
- कलेक्टिबल गिफ्ट्स को इमोजी स्टेटस के रूप में दिखाएं-Telegram उपयोगकर्ता अब अपने कलेक्टिबल गिफ्ट्स को इमोजी स्टेटस के रूप में दिखा सकते हैं। जब यह लागू किया जाता है, तो एक चमकदार स्टार इफेक्ट (Glittering Star Effect) दिखाई देगा और उपयोगकर्ता की प्रोफ़ाइल का लुक गिफ्ट के बैकग्राउंड और सिंबल के अनुसार बदल जाएगा। इसे My Profile > Gifts के जरिए ऑन या ऑफ किया जा सकता है।
- ब्लॉकचेन पर गिफ्ट्स ट्रांसफर करें और नीलामी करें-Telegram अब उपयोगकर्ताओं को TON ब्लॉकचेन के जरिए कलेक्टिबल गिफ्ट्स को ट्रांसफर या नीलाम करने की अनुमति देता है। कंपनी का कहना है कि इससे उपयोगकर्ताओं को अपने गिफ्ट्स पर स्थायी नियंत्रण मिलेगा, भले ही वे अपना अकाउंट खो दें या डिलीट कर दें। TON वॉलेट में गिफ्ट ट्रांसफर करने से उपयोगकर्ताओं को अतिरिक्त लाभ भी मिल सकते हैं, जिन्हें विभिन्न ऑक्शन साइट्स या प्लेटफॉर्म प्रदान करते हैं।
- चैनलों को गिफ्ट भेजने की सुविधा-Telegram अब उपयोगकर्ताओं को चैनलों (Channels) को गिफ्ट भेजने की अनुमति भी दे रहा है। कंपनी के अनुसार, यह फीचर चैनल्स में किसी महत्वपूर्ण उपलब्धि या खास मौके का जश्न मनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। ये गिफ्ट्स चैनल की प्रोफ़ाइल पर दिखेंगे और इन्हें Stars के जरिए अपग्रेड किया जा सकता है। इसके अलावा, चैनल ओनर्स इन गिफ्ट्स को अन्य उपयोगकर्ताओं और चैनलों को ट्रांसफर कर सकते हैं या इन्हें ब्लॉकचेन पर नीलाम भी कर सकते हैं।
- Telegram स्टोरीज पर कलेक्टिबल गिफ्ट्स साझा करें-Telegram उपयोगकर्ता अब अपने कलेक्टिबल गिफ्ट्स को Telegram स्टोरीज़ के रूप में भी साझा कर सकते हैं। ये गिफ्ट्स एनिमेटेड प्रीव्यू (Animated Preview) के रूप में दिखाई देंगे, जिससे वे और आकर्षक बनेंगे।
- गिफ्ट्स को फिल्टर करने का नया विकल्प-Telegram के नए अपडेट में गिफ्ट्स टैब (Gifts Tab) में फिल्टरिंग फीचर (Filtering Feature) जोड़ा गया है, जिससे उपयोगकर्ता अपने गिफ्ट्स को कलेक्टिबल स्टेटस, प्राप्ति तिथि और मूल्य के आधार पर सॉर्ट कर सकते हैं।
- चैनल एडमिन्स के लिए गिफ्ट्स से जुड़े नोटिफिकेशन-अब चैनल एडमिन्स (Channel Admins) नए नोटिफिकेशन टॉगल कर सकते हैं, जिससे वे अपने चैनल को प्राप्त होने वाले गिफ्ट्स की ट्रैकिंग कर सकें।